खुद को आग मत लगाइए: आगरा कॉलेज में ‘नो स्मोकिंग डे’ पर युवाओं ने उठाई मुहिम, तंबाकू के खिलाफ गूंजा जागरूकता संदेश

आगरा। आगरा कॉलेज में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नो स्मोकिंग डे पर जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया। एनसीसी गर्ल्स विंग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने लघु नाटिका, पोस्टर और शपथ के माध्यम से तंबाकू के खतरों को उजागर किया। कार्यक्रम का उद्घाटन आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर चित्र कुमार गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

Mar 11, 2026 - 19:10
 0
खुद को आग मत लगाइए: आगरा कॉलेज में ‘नो स्मोकिंग डे’ पर युवाओं ने उठाई मुहिम, तंबाकू के खिलाफ गूंजा जागरूकता संदेश
नौ स्मोकिंग डे पर आगरा कॊलेज के एनसीसी गर्ल्स विंग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नो स्मोकिंग की शपथ लेतीं कैडेट्स।

महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के निर्देशन में चल रहे राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आगरा कॉलेज की एन.सी.सी. गर्ल्स विंग ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए धूम्रपान के खिलाफ जनजागरूकता का अभियान चलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को तंबाकू के खतरों के प्रति जागरूक करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है, जहाँ लगभग 60 से 65 प्रतिशत जनसंख्या युवा वर्ग की है। ऐसे में देश के उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नकारात्मक व्यसनों से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करना बेहद आवश्यक है। यही युवा आगे चलकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं।

लघु नाटिका ने दिखाया धूम्रपान का कड़वा सच

कार्यक्रम की शुरुआत कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक लघु नाटिका से हुई। इस स्किट में कैडेट्स ने धूम्रपान के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

नाटिका के माध्यम से बताया गया कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि समय रहते सही मार्गदर्शन मिलने पर व्यक्ति इन दुर्व्यसनों को छोड़कर एक सकारात्मक और सफल जीवन की ओर अग्रसर हो सकता है।

कार्यक्रम के दौरान सभी कैडेट्स ने नो स्मोकिंग की शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहेंगे और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

कैडेट्स ने धूम्रपान के खिलाफ विभिन्न पोस्टर तैयार किए, जिनमें उन्होंने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इन पोस्टरों में तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और सामाजिक प्रभाव को दर्शाते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया गया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर चित्र कुमार गौतम ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने कैडेट्स से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें और समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का कार्य करें।

कार्यक्रम में कैडेट्स भूमिका, नंदनी, मनीषा बाने, राधा, खुशी, पारुल वर्मा और सृष्टि सिंह कुशवाह ने भी अपने विचार रखे और युवाओं को तंबाकू के दुष्परिणामों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन कैडेट पायल कुमारी और यशिका ने किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कैडेट भूमिका माहौर, सपना, कृति मिश्रा, भूमिका राजपूत, मुस्कान कुमारी, आयुषी शाक्य, अनामिका चाहर, नेहा, मुस्कान गुप्ता, निशा, शिवानी और भूमि वर्मा सहित अन्य कैडेट्स उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor