यमुना एक्सप्रेसवे पर 100 सवारियों से भरी डबल डेकर बस पलटी, खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकाले गये यात्री, कई घायल
मथुरा। थाना नौहझील क्षेत्र में नोएडा-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब करीब 100 यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अचानक पलट गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते पुलिस और राहत टीमों की सक्रियता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं।
घटना शाम करीब 7:36 बजे किलोमीटर संख्या 76 पर हुई, जब बस संख्या BR02PC2291, जो नोएडा से दरभंगा (बिहार) जा रही थी, अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे की सूचना पीआरवी 1877 द्वारा 7:41 बजे पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना नौहझील के थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी बाजना कट और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन पुलिस और स्थानीय मदद से शीशे तोड़कर एक-एक कर सभी सवारियों को बाहर निकाल लिया गया।
घटना में घायल यात्रियों को एंबुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों की संख्या दर्जनों में बताई गई है।
बस के सड़क के बीचों-बीच पलटने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू करवा दी। सबसे राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।