आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खाई में गिरी डबल डेकर बस, छह यात्री घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं। बस में करीब 60 लोग सवार थे। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

Jul 16, 2026 - 11:02
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खाई में गिरी डबल डेकर बस, छह यात्री घायल
खाई में गिरी बस।

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 15 से 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुबह चार बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को चलते समय नींद की झपकी आ गई थी। इसी दौरान बस पहले आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकराई और फिर चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे के किनारे बनी गहरी खाई में उतर गई।

बस नहीं पलटी, टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भयावह था। तेज रफ्तार बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस खाई में गिरने के बावजूद पलटी नहीं। यदि बस पलट जाती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

पुलिस और यूपीडा की टीम ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस और यूपीडा (यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने तत्काल राहत एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद भेजा गया। वहीं, सुरक्षित यात्रियों के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर उन्हें टोल प्लाजा-21 के रास्ते उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

ये यात्री हुए घायल

हादसे में घायल यात्रियों में रायबरेली के बछरावां निवासी अंकित यादव, एटा के पिलुआ निवासी हर्ष भारद्वाज, गोंडा निवासी आयुष मिश्रा और दिल्ली निवासी खालिद व सिद्धार्थ समेत कुल छह लोग शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फतेहाबाद थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।