डॉ. सुशील गुप्ता पुनः नीसा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित, शिक्षा सुधार, विद्यालय स्वायत्तता और फ्यूचर-रेडी एजुकेशन को नई दिशा देने की तैयारी

आगरा। शिक्षा जगत में आगरा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं अप्साध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान पुनः नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स अलायंस (नीसा) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

May 17, 2026 - 19:58
 0
डॉ. सुशील गुप्ता पुनः नीसा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित, शिक्षा सुधार, विद्यालय स्वायत्तता और फ्यूचर-रेडी एजुकेशन को नई दिशा देने की तैयारी

डॉ. सुशील गुप्ता का यह पुनर्निर्वाचन उनके दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा सुधारों के प्रति प्रतिबद्धता और निजी विद्यालयों के हितों के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों की देन है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. गुप्ता वर्ष 2026 से 2029 तक नीसा के महत्वाकांक्षी मैनिफेस्टो पर कार्य करेंगे, जिसका उद्देश्य देश में गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

इन 10 बड़े एजेंडों पर करेंगे काम

राष्ट्रीय सम्मेलन में नीसा द्वारा वर्ष 2026-2029 के लिए शिक्षा सुधारों से जुड़े 10 प्रमुख एजेंडे निर्धारित किए गए, जिन पर डॉ. सुशील गुप्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालयों के बराबर आरटीई रीइंबर्समेंट की वकालत, आरटीआई के दुरुपयोग को रोकने हेतु कानूनी कार्रवाई और स्कूलों की निजता सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रमुख है।

इसके साथ ही निजी विद्यालयों में अनिवार्य एसएमसी हस्तक्षेप का विरोध, क्वालिटी एजुकेशन के लिए भारत यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय अभियान, और कक्षा उत्कृष्टता हेतु 1000 शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता प्रशिक्षण देने की योजना भी शामिल है।

शिक्षा को बनाया जाएगा फ्यूचर-रेडी

नीसा के एजेंडे में प्रोफेसरों और इंडस्ट्री लीडर्स के माध्यम से राष्ट्रीय लीडरशिप कार्यक्रम चलाने, 1000 स्कूलों का संरचित मूल्यांकन एवं निरंतर मेंटरिंग, तथा छात्रों को ग्लोबल यूनिवर्सिटी और करियर के लिए तैयार करने हेतु फ्यूचर-रेडी स्टूडेंट प्रोग्राम संचालित करने की योजना भी शामिल है।

इसके अलावा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की पहल भी की जाएगी।

100 बजट स्कूल एसोसिएशन जोड़ने का लक्ष्य

डॉ. सुशील गुप्ता राष्ट्रीय स्तर पर 100 बजट प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन को जोड़कर एक मजबूत और एकजुट राष्ट्रीय नेटवर्क तैयार करने की दिशा में भी कार्य करेंगे, ताकि निजी विद्यालयों की समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाया जा सके।

शिक्षा में नवाचार और स्वायत्तता प्राथमिकता

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों की स्वायत्तता और शिक्षा में नवाचार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि नीसा विकसित भारत @2047 के संकल्प को शिक्षा की मजबूत नींव पर साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सक्षम और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाया जाएगा।

देशभर के शिक्षाविद रहे मौजूद

इस अवसर पर नीसाध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा सहित देशभर से आए अनेक शिक्षाविद, विद्यालय संचालक और शिक्षा विशेषज्ञ मौजूद रहे। सम्मेलन में नई शिक्षा नीति, निजी विद्यालयों की चुनौतियों और भविष्य की शिक्षा प्रणाली को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor