आगरा में 54 बेटियों के सपनों को मिली रफ्तार, नवज्योति ने साइकिलें देकर शिक्षा और सुरक्षा का बढ़ाया संबल
आगरा। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई गति देने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद 'नवज्योति' द्वारा रविवार को सुभाष पार्क स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 54 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं कन्या पूजन के साथ संस्था के संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई) एवं संजीव अग्रवाल द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि एडवोकेट बसंत गुप्ता ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और बेटियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नवज्योति द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
संस्था की अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को साइकिल उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा की राह को आसान बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।
संस्था के सचिव नितिन अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने बताया कि इससे पूर्व भी संस्था द्वारा 51 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बालिकाओं तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके। महिला संयोजिका मंजू रजनीश गुप्ता ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुष्पा गुप्ता, सीमा गोयल, शशि अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुराग सोनल भटनागर, भावना भार्गव, अशोक लालवानी, अमित अग्रवाल सहित भारत विकास परिषद नवज्योति के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।