ड्रोन से छतों की निगरानी, पत्थर मिलने पर पुलिस सख्त; 166 साल पुरानी राम बारात पीएसी–आरएएफ पहरे में

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। होली के मौके पर बरेली में निकलने वाली राम बरात को लेकर अतिसंवेदनशील इस शहर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए शहर में ड्रोन से निगरानी, पैदल गश्त, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। होली के दिन निकलने वाली 166 साल पुरानी राम बरात तथा अन्य जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Mar 1, 2026 - 22:15
 0
ड्रोन से छतों की निगरानी, पत्थर मिलने पर पुलिस सख्त; 166 साल पुरानी राम बारात पीएसी–आरएएफ पहरे में
होली के मौके पर निकलने वाली राम बरात के मद्देनजर बरेली में सड़कों पर मार्च करते पुलिस अधिकारी।

होलिका दहन से पहले सोमवार को निकलने वाली राम बरात के मद्देनज़र पुलिस ने कोहाड़ापीर और बानखाना इलाकों में ड्रोन उड़ाकर घरों की छतों की सघन निगरानी की। इस दौरान दो छतों पर ईंट-पत्थर रखे पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल मकान मालिकों को उन्हें हटाने के निर्देश दिए। राम बरात के पूरे जुलूस मार्ग पर ड्रोन सर्वे कराकर रूट के किनारे स्थित मकानों की छतों से ईंट-पत्थर हटवाने की बड़ी कार्रवाई की गई।

रविवार को होली के अवसर पर शहर में सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने पुलिस बल के साथ प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। गश्त के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। थाना प्रभारियों को सतत भ्रमणशील रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन में सुरक्षा का भाव बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नगर के क्षेत्राधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बरेली पुलिस व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है, ताकि आमजन निर्भय होकर पर्व मना सके। क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि शुक्रवार को कोहाड़ापीर और बानखाना में ड्रोन से निगरानी के दौरान सुर्खा-बानखाना रोड पर दो छतों पर ईंट-पत्थर दिखाई दिए थे, जिन्हें तुरंत हटवाया गया। लोगों से संवाद कर भाईचारे के साथ रहने और किसी भी तरह के विवाद से बचने की अपील की गई है।

राम बरात को सकुशल संपन्न कराने के लिए कुछ स्थानों पर अस्थायी कैमरे लगाए गए हैं और स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से भी पल-पल की निगरानी की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी तरह की खुराफात बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

होली की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेते हुए डीआईजी अजय साहनी ने रेंज के चारों जिलों में त्योहार को सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रेंज के चारों जनपदों में कुल 9,568 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। इनमें बरेली में 3,041, बदायूं में 2,275, पीलीभीत में 1,397 और शाहजहांपुर में 2,855 दहन स्थल शामिल हैं।

रेंज में कुल 123 छोटे-बड़े जुलूस निकाले जाएंगे। इनमें शाहजहांपुर में आठ किलोमीटर लंबा बड़े लाट साहब और 3.5 किलोमीटर लंबा छोटे लाट साहब का जुलूस तथा बरेली में राम बारात प्रमुख है। रेंज के जनपदों को 8 सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में बांटा गया है।

होली और जुलूसों की सुरक्षा के लिए कुल 11,446 अफसर और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 सीओ, 92 थानाध्यक्ष/प्रभारी निरीक्षक, 268 इंस्पेक्टर, 1,800 उपनिरीक्षक, 2,759 हेड कांस्टेबल, 4,728 कांस्टेबल और 1,759 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा 10 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी तथा 4 कंपनी आरआरएफ की तैनाती की गई है। यूपी-112 पर आने वाली शिकायतों की सतत समीक्षा और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

SP_Singh AURGURU Editor