मुबारक महल दवा बाजार में औषधि विभाग का छापा, कई दुकानों पर जांच से मची खलबली
आगरा के मुबारक महल दवा बाजार में औषधि विभाग ने गुरुवार को बड़ी छापेमार कार्रवाई की। लखनऊ से आए वरिष्ठ अधिकारी रोशन जैकब के नेतृत्व में कई दुकानों पर दवा स्टॉक, लाइसेंस और खरीद-बिक्री रिकॉर्ड की जांच की गई। कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
आगरा। आगरा के फुव्वारा स्थित मुबारक महल दवा बाजार में गुरुवार को औषधि विभाग की बड़ी छापेमार कार्रवाई से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक साथ कई टीमों के पहुंचने से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान आगरा समेत अन्य जिलों से आए दो दर्जन से अधिक अधिकारी बाजार में मौजूद रहे और अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर जांच की गई।
सूत्रों के मुताबिक औषधि विभाग की टीम 14 दवा कारोबारियों की सूची लेकर आगरा पहुंची थी। इसके बाद युग फार्मा, श्री गणेश एंटरप्राइजेज, जीत, वीना एंटरप्राइजेज, नंदन फार्मा और पोरवाल समेत कई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई। अधिकारियों की टीम को बाजार में देखते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों पर रिकॉर्ड खंगाले जाते रहे।
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई लखनऊ से पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी रोशन जैकब के नेतृत्व में की जा रही है। जांच के दौरान दवा स्टॉक, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, लाइसेंस, बिलिंग रिकॉर्ड और स्टोर प्रबंधन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं नियमों के विपरीत दवाओं का कारोबार तो नहीं किया जा रहा।
कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे दवा बाजार में दहशत का माहौल बन गया। व्यापारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई कारोबारी अपनी दुकानों के बाहर खड़े होकर टीम की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।
हालांकि औषधि विभाग के अधिकारियों ने अभी कार्रवाई के कारणों और जांच में सामने आई अनियमितताओं को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल बाजार में जांच अभियान लगातार जारी है।