लड्डू में नशा, फिर जेब साफ, ट्रेन में जहरखुरानी करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

आगरा कैंट जीआरपी ने ट्रेन में नशीले लड्डू खिलाकर यात्री को बेहोश कर उसके 8 हजार रुपये चोरी करने वाले शातिर जहरखुरान को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एल्प्राजोलाम, नशीले लड्डू और चोरी की रकम में से 1050 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी पर पहले से भी जहरखुरानी, लूट, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

Jun 20, 2026 - 19:09
 0
लड्डू में नशा, फिर जेब साफ, ट्रेन में जहरखुरानी करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार
शातिर जहरखुरान को पकड़ने वाली टीम।

आगरा। ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर अपराधी को आगरा कैंट जीआरपी ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक यात्री को नशीले लड्डू खिलाकर बेहोश कर दिया था और उसकी जेब से 8 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया था।

जीआरपी के अनुसार, औरैया निवासी रामजी ने 19 जून को थाना जीआरपी आगरा कैंट में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 जून को ट्रेन यात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें लड्डू खिलाया। लड्डू खाने के बाद वह बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने खुद को फिरोजाबाद जिला अस्पताल में पाया। जांच करने पर पता चला कि उनकी जेब में रखे 8 हजार रुपये गायब थे। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया।

खेरिया पुल के पास दबोचा गया आरोपी

20 जून को जीआरपी आगरा कैंट, सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त टीम संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान खेरिया पुल के पास कमर पर पिठ्ठू बैग लटकाए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह घबरा गया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एल्प्राजोलाम की गोलियां, टिफिन में रखे नशीले लड्डू और 1050 रुपये बरामद हुए। बाद में पीड़ित रामजी ने आरोपी की पहचान उसी व्यक्ति के रूप में की जिसने उन्हें नशीले लड्डू खिलाए थे।

एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी बढ़ीं

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 21 ग्राम एल्प्राजोलाम और नशीला पाउडर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र गौरीशंकर निवासी ग्राम रामनगर, थाना मक्खनपुर, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 58 वर्ष बताई गई है।

लंबा है आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से जहरखुरानी, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2016 से लेकर अब तक वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद रहा है। उसके पास से 21 ग्राम एल्प्राजोलाम एवं नशीला पाउडर, एल्प्राजोलाम मिश्रित नशीले लड्डू और चोरी किए गए 8 हजार रुपये में से 1050 रुपये नकद बरामद हुए। कार्रवाई में जीआरपी आगरा कैंट, सीआईबी आगरा, सीआईबी टूंडला तथा आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक त्रिमोहन सिंह और उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया।