आगरा में नशे का कहर, तेज रफ्तार कार हॉस्टल में घुसी, चार लोग गंभीर घायल
आगरा के न्यू आगरा क्षेत्र में नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में देर रात एक खौफनाक हादसा सामने आया, जहां नशे में धुत युवकों की लापरवाही ने बड़ा रूप ले लिया। तेज रफ्तार काली कार (UP32 नंबर) अचानक अनियंत्रित होकर एक हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बेहद तेज थी और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। दीवार तोड़ते हुए कार सीधे अंदर मौजूद लोगों को चपेट में लेती चली गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लोगों का आरोप है कि कार में सवार युवक नशे में थे, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, कार सवार युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त कार की स्पीड कितनी थी और चालक किस हालत में था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।