सहकार भारती के तीन दिवसीय आगरा मंडल प्रवास में निष्क्रिय पदाधिकारियों पर सख्ती और नए विस्तार का खाका तैयार
आगरा। सहकार भारती ने आगरा मंडल में तीन दिवसीय प्रवास के जरिए संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देने का काम किया। मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद में हुई बैठकों में जहां संगठनात्मक मजबूती पर मंथन हुआ, वहीं निष्क्रिय पदाधिकारियों के दायित्वों में बदलाव और विस्तार की रणनीति भी तय की गई।
सहकार भारती के आगरा मंडल में आयोजित तीन दिवसीय प्रवास का सफल समापन हुआ, जिसमें प्रदेश संगठन प्रमुख कर्मवीर सिंह, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी और विभाग संयोजक राकेश शुक्ला सहित कई प्रमुख पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
प्रवास का पहला दिन मथुरा जिला और मथुरा महानगर में आयोजित बैठकों के साथ शुरू हुआ, जहां स्थानीय कार्यकारिणी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और विस्तार को लेकर चर्चा की गई। दूसरे दिन आगरा महानगर और आगरा जिला में विभिन्न बैठकों का आयोजन हुआ, जिसमें संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। तीसरे दिन फिरोजाबाद महानगर और फिरोजाबाद जिला में कार्यक्रम आयोजित कर प्रवास का समापन किया गया।
इस दौरान सभी जिलों और महानगरों की कार्यकारिणी के साथ बैठक कर संगठन के आपसी तालमेल, मजबूती और विस्तार पर गहन मंथन किया गया। संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए पदों के गठन पर सहमति बनी, वहीं कुछ निष्क्रिय पदाधिकारियों के दायित्वों में आवश्यक बदलाव भी किए गए। साथ ही अन्य पदाधिकारियों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित और आगाह किया गया, ताकि शेष डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में संगठन और बेहतर प्रदर्शन कर सके।
आगरा मंडल कार्यालय में मैनपुरी के पदाधिकारियों के साथ भी विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन की भविष्य की दिशा पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रवास के चौथे दिन प्रदेश संगठन प्रमुख, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख और विभाग संयोजक द्वारा सभी क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री को भेजी गई, जिस पर जल्द ही आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सहकार भारती के अनुसार, आगरा मंडल संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां आने वाले समय में कई प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो सहकारिता के विस्तार को नई दिशा देंगे।