आगरा में 36 आकर्षक झांकियों संग निकली दशहरा शोभायात्रा, राम-रावण की सेना के सजीव युद्ध ने किया रोमांचित
आगरा। जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे, वानर सेना की उछल-कूद और रथ पर सवार श्रीराम-लक्ष्मण के साथ रावण की सेना से सजीव युद्ध का दृश्य। लोहामंडी के जटपुरा स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्र जी महाराज मंदिर से निकली दशहरा शोभायात्रा में राम-रावण युद्ध की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। करीब 36 मनमोहक झांकियों से सजी शोभायात्रा का रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारों के साथ इस्कॉन मंदिर के हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी सुरेशचंद्र गर्ग ने श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारकर किया। इस अवसर पर दशहरा कमेटी के मुख्य संरक्षक विनय अग्रवाल, अध्यक्ष दिनेश पाठक, मुकेश जैन, मनीष गर्ग, वीरेन्द्र अग्रवाल, प्रमोद सिंघल, अशोक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, संजय सिंघल और भरत शर्मा मौजूद रहे।

दशहरा शोभायात्रा की एक झलक।
राम-रावण युद्ध की झांकी ने खींचा ध्यान
शोभायात्रा में हाथों में सोटा लिए वानर सेना के सदस्य उछल-कूद करते हुए राक्षसों को चकमा देते नजर आए। उनके पीछे रथ पर श्रीराम और लक्ष्मण विराजमान थे, जबकि सामने राक्षसी सेना के साथ रथ पर रावण का स्वरूप सवार था। राम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का सजीव चित्रण देखने के लिए लोग रुकते रहे।
शोभायात्रा में सबसे पहले विघ्नविनाशक गणपति की झांकी निकली। इसके बाद चामुंडा देवी, श्रीबांके बिहारी, शिव-पार्वती, राम दरबार और मां लक्ष्मी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। मां काली की झांकी में मुण्डों की माला धारण किए और हाथ में तलवार लिए स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु नतमस्तक हुए।
हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
इस्कॉन मंदिर की ओर से प्रस्तुत हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। संकीर्तन की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में श्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारे गूंजते रहे। शोभायात्रा का न्यूराजामंडी, तोता का ताल, लोहामंडी बाजार और सेंट जोंस चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा इन मार्गों से होते हुए खातीपाड़ा स्थित कान्हा पटेली पहुंची।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
आयोजन में कार्यकारी अध्यक्ष हर्षित पाठक, महामंत्री मोनी पारिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन कठेरिया, सर्वव्यवस्था प्रमुख रामदास कटारा, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, भक्त वत्सल बंसल, पुष्पेन्द्र चौधरी, दीपक चौधरी, शुभम चौधरी, देवू शर्मा, दिनेश यादव, विनोद लोधी, जितेन्द्र लोधी, अनूप राणा और गौरव लोधी मौजूद रहे।
संरक्षक मंडल से अरविंद स्वरूप दास, विपिन चौधरी, श्यामानंद लोधी, बी.पी. श्रीवास्तव, लखपत लाल, राकेश लोधी, कमल राजपूत, मटरू सिंह, नेमी चंद यादव, शैलेंद्र चौधरी, लक्ष्मी नारायण कठेरिया, महेश लोधी, भरत बर्नबाल, मुकेश कुमार एडवोकेट, बृजेश लोधी और अर्पित पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।