“पहले माफिया बनते थे, अब डॉक्टर बनेंगे”, आगरा में योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट–वन माफिया” की स्थिति थी, लेकिन अब “वन डिस्ट्रिक्ट–वन मेडिकल कॉलेज” का दौर है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले यूपी में 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब 81 संचालित हो रहे हैं। साथ ही सरकार जल्द सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई पॉलिसी लाने जा रही है।

Mar 7, 2026 - 16:01
 0
“पहले माफिया बनते थे, अब डॉक्टर बनेंगे”, आगरा में योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला
यथार्थ हास्पिटल के लोकार्पण समारोह में मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

“वन डिस्ट्रिक्ट–वन माफिया से ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन मेडिकल कॉलेज’ तक, आगरा में सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

आगरा। आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश में विकास की जगह माफिया राज चलता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल के उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित होते थे, जबकि आज प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले हालात ऐसे थे कि “वन डिस्ट्रिक्ट–वन माफिया” की चर्चा होती थी, लेकिन आज प्रदेश की पहचान “वन डिस्ट्रिक्ट–वन मेडिकल कॉलेज” से बन रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की सोच माफिया तक सीमित थी, इसलिए उन्होंने माफिया को बढ़ावा दिया। लेकिन वर्तमान सरकार ने मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश में अब दो एम्स भी संचालित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

सीएम योगी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य सरकार बहुत जल्द सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई पॉलिसी लेकर आने जा रही है। इसके तहत निजी और सरकारी क्षेत्र के सहयोग से आधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने यथार्थ ग्रुप को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में बनने वाले मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य परियोजनाओं में सरकार पूरी तरह सहयोग करेगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र के आरएसएस और भाजपा पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक में भी हिस्सा लिया। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही आगरा शहर में अतिक्रमण और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला। मंच पर सीमित व्यवस्था के कारण केवल पांच लोगों के बैठने की जगह थी, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल समेत कई नेता मंच के सामने बैठे थे। जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर बघेल पर पड़ी, उन्होंने आयोजकों से तुरंत उन्हें मंच पर बुलाने को कहा और अपने पास बैठाया। इस कदम को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सम्मानजनक संकेत के रूप में देखा।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और यथार्थ ग्रुप के चेयरमैन अजय त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।