आशियाना महिला समिति के 15वें स्थापना दिवस पर महिला सशक्तिकरण की गूंज, उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए शहर की पांच महिलाओं को मिला गौरव सम्मान, स्वर कोकिला आशा भोसले को दी संगीतमय श्रद्धांजलि
आगरा। महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता को समर्पित आशियाना महिला समिति ने सोमवार को सदर स्थित आगरा क्लब में अपना 15वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही शहर की पांच महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को स्वर कोकिला स्वर्गीय आशा भोसले को समर्पित करते हुए संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
समारोह की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक मंचों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आशियाना महिला समिति महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी।
समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज प्रशांत ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अपने पैरों पर खड़ी महिला किसी सहारे की मोहताज नहीं होती और वही समाज की वास्तविक उन्नति का आधार बनती है।
मनोज बल ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में शहर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिलाओं को प्रेरित करने और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आशा का अग्रदूत श्रेणी में कीर्ति तिवारी, काव्या जैन, शिल्पा भाटिया, पूजा आहूजा कालरा और मुंजल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. माया श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में स्वर कोकिला स्वर्गीय आशा भोसले को विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि दी गई। पारुल गुप्ता, रश्मि रायजादा और कविता भटनागर ने आशा भोसले के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और संगीतमय बना दिया। वहीं चंद्रावती इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
समिति की सचिव मंजू मित्तल ने गत वर्ष की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमिला चावला ने किया। समारोह में संरक्षक शारदा गुप्ता, बीना पोद्दार, अर्निमा भार्गव, इंदु जैन, सरोज गर्व, आशा चोपड़ा, आरती मल्होत्रा, प्रतिभा, साधना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।