आगरा में हरिनाम संकीर्तन की गूंज, श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए इस्कॉन ने निकाली आमंत्रण यात्रा

आगरा। शहर में श्रीजगन्नाथ रथयात्रा को लेकर भक्ति का उल्लास चरम पर पहुंचने लगा है। इस्कॉन मंदिर की ओर से गुरुवार को हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। मृदंग, मंजीरों और ढोलक की मधुर धुनों पर हरे राम, हरे कृष्ण का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने शहरवासियों को 16 जुलाई को निकलने वाली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रहों के साथ निकली यात्रा ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।

Jul 10, 2026 - 20:01
 0
आगरा में हरिनाम संकीर्तन की गूंज, श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए इस्कॉन ने निकाली आमंत्रण यात्रा
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए इस्कॊन द्वारा शुक्रवार को निकाली गई आमंत्रण यात्रा की एक झलक।

करकुंज चौराहे से प्रारंभ हुई इस्कॉन मंदिर की आमंत्रण यात्रा कारगिल पेट्रोल पंप होते हुए पश्चिमपुरी चौराहे तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर हरिनाम संकीर्तन करते रहे। पीले वस्त्रों में सजे भक्तों के हाथों में भगवा ध्वज लहरा रहे थे, जबकि भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रह श्रद्धापूर्वक सिर पर विराजमान थे।

भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा पूरा मार्ग

यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोलक, मृदंग और मंजीरों की मधुर धुनों पर "हरे राम, हरे कृष्ण" का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालु नृत्य करते आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग पर भक्ति, उत्साह और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।

भजन-कीर्तन की स्वर लहरियों और जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने आमंत्रण यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए और भगवान श्रीजगन्नाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भगवा ध्वज लहराते श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति और भक्ति का संदेश भी दिया।

16 जुलाई को निकलेगी श्रीजगन्नाथ रथयात्रा

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने शहरवासियों को 16 जुलाई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से निकलने वाली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस्कॉन मंदिर की ओर से आयोजित होने वाली यह रथयात्रा हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहती है।

11 जुलाई को पुराने शहर में निकलेगी अगली आमंत्रण यात्रा

इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि 11 जुलाई को शाम 5 बजे दूसरी आमंत्रण यात्रा पीपल वाले गेट से प्रारंभ होगी। यह यात्रा सिंधी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी, मोतीगंज होते हुए बेलनगंज चौराहे तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से पुराने शहर के श्रद्धालुओं को श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

आमंत्रण यात्रा में मुख्य रूप से हिमांशु गुप्ता, केएन सिंघल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल तथा विकास बंसल (लड्डू भाई) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor