आगरा में पर्यटकों को तीन दिन रोकने की मुहिम तेज, पर्यटन कारोबार को नई उड़ान देने के लिए उठीं आठ बड़ी मांगें, होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों को राहत का स्वागत, नोएडा एयरपोर्ट पर आगरा ब्रांडिंग और नाइट स्टे बढ़ाने पर जोर

आगरा। पर्यटन नगरी आगरा में पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने और पर्यटन कारोबार को नई गति देने के लिए होटल व्यवसायियों ने पर्यटन विभाग के सामने आठ सूत्रीय मांगपत्र रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट संचालकों को दी जा रही राहत का स्वागत किया गया, वहीं आगरा में पर्यटकों के लिए कम से कम तीन दिन का नाइट स्टे बढ़ाने, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आगरा की प्रभावी ब्रांडिंग, रात्रि बाजार, लेजर शो, बेहतर पार्किंग और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

Jul 3, 2026 - 19:45
 0
आगरा में पर्यटकों को तीन दिन रोकने की मुहिम तेज, पर्यटन कारोबार को नई उड़ान देने के लिए उठीं आठ बड़ी मांगें, होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों को राहत का स्वागत, नोएडा एयरपोर्ट पर आगरा ब्रांडिंग और नाइट स्टे बढ़ाने पर जोर
नेशनल चैंबर सभागार में आगरा के पर्यटन विकास के लिए शुक्रवार को आयोजित बैठक में मौजूद पर्यटन अधिकारी और चैंबर के पदाधिकारी।

नेशनल चैम्बर सभागार में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत एवं विशाल श्रीवास्तव ने होटल एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक का संचालन होटल एंड रेस्टोरेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन राकेश कुमार चौहान ने किया।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि ताजमहल के अलावा आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, प्राचीन मंदिर, बाह-बटेश्वर मंदिर समूह, शौरिपुर के जैन मंदिर, चंबल के घड़ियाल अभयारण्य तथा पूरा ब्रज क्षेत्र मिलाकर ऐसा पर्यटन परिपथ बनता है, जहां पर्यटक तीन से पांच दिन आसानी से प्रवास कर सकते हैं। लेकिन रात्रिकालीन पर्यटन आकर्षण और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में अधिकांश पर्यटक एक ही दिन में लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन कमियों को दूर किया जाए तो आगरा की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने यह भी मांग की कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आगरा के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की प्रभावी ब्रांडिंग की जाए, ताकि वहां उतरने वाले यात्रियों को आगरा आने के लिए प्रेरित किया जा सके।

ब्रज संस्कृति की झलक से हो आगरा में प्रवेश

होटल एंड रेस्टोरेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन राकेश कुमार चौहान ने कहा कि आगरा के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ब्रज संस्कृति आधारित भव्य द्वार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर में प्रवेश करते ही पर्यटकों को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी का अनुभव हो।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और पर्यटन स्थलों पर इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के माध्यम से आगरा के स्मारकों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन आकर्षणों का प्रचार किया जाए। साथ ही होटलों में तीन दिवसीय पर्यटन पैकेज के ब्रोशर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे पर्यटक ताजमहल के साथ बटेश्वर, चंबल सफारी और अन्य स्थलों का भी भ्रमण करें।

राकेश कुमार चौहान ने कहा कि पर्यटकों के लिए विशेष रात्रि बाजार विकसित किया जाए, जहां हस्तशिल्प, जूता उद्योग, जरी-जरदोजी, स्थानीय उत्पाद और आगरा के प्रसिद्ध व्यंजन देर रात तक उपलब्ध हों, जिससे पर्यटन और स्थानीय कारोबार दोनों को बढ़ावा मिले।

Top of Form

Bottom of Form

नियमित हों लाइट एंड साउंड शो

पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में नियमित रूप से लेजर लाइट एवं साउंड शो आयोजित किए जाएं तथा टिकट दरें सामान्य पर्यटकों की पहुंच के अनुरूप रखी जाएं। उन्होंने ताजमहल पूर्वी गेट पर पार्किंग व्यवस्था को भी तत्काल बेहतर बनाने की मांग की।

बोटिंग, म्यूजिकल फाउंटेन और मनोरंजन पार्क विकसित हों

उन्होंने कहा कि शाहजहां गार्डन, पालीवाल पार्क, रामबाग और मेहताब बाग जैसे स्थलों पर नौका विहार, म्यूजिकल फाउंटेन, लेजर शो, मनोरंजन पार्क, सफारी, पैराग्लाइडिंग, झूले, फूड कॉर्नर, बैठने की व्यवस्था और आकर्षक प्रकाश सज्जा विकसित की जाए ताकि पर्यटक रात्रि में भी इन स्थलों पर समय बिताएं।

हैकरों और दलालों पर लगे प्रभावी रोक

बैठक में यह भी कहा गया कि ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, आगरा कैंट स्टेशन, आगरा फोर्ट स्टेशन, बस स्टैंड, जवाहर पुल, पुरानी मंडी और अन्य प्रमुख प्रवेश स्थलों पर सक्रिय दलालों एवं अवैध तरीके से पर्यटकों को घेरने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इससे पर्यटकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और प्रदेश की सकारात्मक छवि बनेगी।

होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों को राहत की जानकारी

पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत एवं विशाल श्रीवास्तव ने बैठक में बताया कि राज्य सरकार द्वारा होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट संचालकों को दी जा रही राहत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आश्वासन दिया कि चैम्बर द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों और सुझावों को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

बैठक के अंत में पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, होटल एंड रेस्टोरेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन राकेश कुमार चौहान, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संदीप अरोरा, संजीव जैन, सुनील गर्ग, ललित कुमार, रामकुमार, मोनू सिंह, जावेद अली, देवेन्द्र, अंकित बंसल, दीपक गुप्ता, सतीश चंद्रा, मुनेन्द्र शर्मा, राहुल गुप्ता, नरेन्द्र गुप्ता, अनूप गोयल, मयंक मित्तल, सिद्धार्थ नंदन, शिव कुमार शर्मा, अमन सहित बड़ी संख्या में होटल एवं पर्यटन व्यवसायी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor