दरगाह आला हज़रत से मिलीं ईद की खुशियां: जरूरतमंद बच्चों को कुर्ता-पजामा, महिलाओं को सूट देकर बांटी ‘ईदी’
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। पवित्र रमज़ान के अंतिम दिनों में ईद की तैयारियों के बीच बरेली स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह आला हजरत से जरूरतमंदों तक खुशियों की सौगात पहुंचाई गई। रविवार को दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसान रजा कादरी (अहसन मियां) की ओर से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों व महिलाओं को ईद की खुशियों में शामिल करने के उद्देश्य से कपड़ों का वितरण किया गया। बच्चों को कुर्ता-पजामा और महिलाओं को सूट देकर ‘ईदी’ दी गई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
ईद से पहले जरूरतमंदों तक पहुंची खुशियों की सौगात
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि ईद का पर्व नजदीक आते ही दरगाह की ओर से जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इससे पहले भी रमज़ान के दौरान गरीब परिवारों को राशन किट वितरित की जा चुकी हैं, ताकि कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
ईद का असली संदेश – खुशी बांटो, गरीबों को न भूलो
इस अवसर पर सज्जादानशीन मुफ्ती अहसान रजा कादरी ने कहा कि जब कोई बंदा पूरे रमज़ान में रोज़े रखकर और समय पर नमाज़ अदा कर अल्लाह के आदेशों के अनुसार जीवन बिताता है, तब अल्लाह उसे ईद के रूप में इनाम देता है। उन्होंने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार है और इसकी असली रौनक तब होती है जब समाज के सभी लोग मिलजुल कर इसे मनाएं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ईद की खुशियों में गरीब और जरूरतमंद लोगों को जरूर शामिल करें, क्योंकि असली ईद अपने अपनों और समाज के कमजोर वर्गों के साथ खुशियां साझा करने में ही है।
ईदी पाने के लिए सुबह से जुटने लगी भीड़
दरगाह में ईदी वितरण की खबर फैलते ही सुबह से ही बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग पहुंचने लगे। दरगाह प्रशासन की ओर से व्यवस्थित तरीके से सभी को कपड़े वितरित किए गए। बच्चों और महिलाओं को नए कपड़े मिलने पर उनके चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी।