बेस्ट फादर अवार्ड-2026 में आठ प्रेरणादायी पिताओं का होगा सम्मान, 21 जून को लेमन ट्री में सजेगा भव्य समारोह

आगरा की संस्था 'एक पहल' और 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' द्वारा आयोजित होने जा रहे बेस्ट फादर अवार्ड-2026 (सीजन-5) में इस वर्ष समाज, खेल, शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी योगदान देने वाले पिताओं को सम्मानित किया जाएगा। 21 जून को होटल लेमन ट्री में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। आयोजन के पोस्टर विमोचन के साथ सम्मानित होने वाले आठ पिताओं के नामों की भी घोषणा की गई।

Jun 18, 2026 - 23:06
Jun 18, 2026 - 23:08
 0
बेस्ट फादर अवार्ड-2026 में आठ प्रेरणादायी पिताओं का होगा सम्मान, 21 जून को लेमन ट्री में सजेगा भव्य समारोह
अफलातून आगरा फाउंडेशन एवं एक पहल द्वारा आयोजित बेस्ट फादर अवार्ड 2026, सीजन 5 का पोस्टर जारी करते बाएँ से राजकुमार उप्पल, एडवोकेट रिंकू पठान, अनिल जैन, पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, डॉ. संजीव नेहरू और आदर्श नंदन गुप्ता।

आगरा। सामाजिक संस्था 'एक पहल' और 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' की ओर से विश्व फादर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले बेस्ट फादर अवार्ड-2026 (सीजन-5) की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को दयालबाग रोड स्थित होटल पूनम प्लाजा में आयोजित कार्यक्रम में समारोह का पोस्टर जारी किया गया तथा सम्मानित होने वाले पिताओं के नामों की घोषणा की गई। इस वर्ष का समारोह 21 जून को शाम 3:30 बजे खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित होगा।

मरणोपरांत भी मिलेगा सम्मान, प्रेरक पिताओं को किया जाएगा नमन

संरक्षक एवं समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल (पेंट वाले) ने बताया कि इस वर्ष लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल तथा स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत बेस्ट फादर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य उन पिताओं के योगदान को समाज के सामने लाना है, जिन्होंने अपने संस्कारों और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

खेल, शिक्षा और समाज निर्माण में योगदान देने वाले पिताओं का भी होगा अभिनंदन

मार्गदर्शक आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता श्रीभगवान शर्मा, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता राम प्रकाश गर्ग, आईएएस अधिकारी और चिकित्सक बेटे को प्रेरित करने वाले राकेश कुमार सिंह, रोल बॉल विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता बेटी के पिता दिग्विजय पचौरी तथा बाल कलाकार एवं मॉडल को नई पहचान दिलाने वाले रोहन आहूजा को भी सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल होंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम संयोजक राजकुमार उप्पल और अंकित खंडेलवाल ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान उद्घाटन करेंगी। पार्क एक्सपोर्ट के प्रबंध निदेशक एवं समाजसेवी नजीर अहमद विशिष्ट अतिथि रहेंगे तथा तपन ग्रुप के चेयरमैन सुरेश चंद्र गर्ग कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

जानी-मानी हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में संरक्षक डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, डॉ. अरुण शर्मा, अनूप यादव, डॉ. संजीव नेहरू, एडवोकेट रमाशंकर राजपूत तथा डॉ. राहुल राज का विशेष सान्निध्य रहेगा। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में डॉ. संजीव नेहरू, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल जैन और एडवोकेट रिंकू पठान सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor