‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना जनआंदोलन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया हरियाली का संकल्प

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को आगरा में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, सांसद राजकुमार चाहर और जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिले में 53.94 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पौधों के संरक्षण और उनकी जीवितता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

Jul 12, 2026 - 20:47
 0
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना जनआंदोलन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया हरियाली का संकल्प
पौधारोपण करते जनप्रतिनिधि, अधिकारी व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि।

शास्त्रीपुरम से कदमखंडी मंदिर और आवास विकास कॉलोनी तक चला हरित संकल्प का महायज्ञ, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद राजकुमार चाहर और सामाजिक संगठनों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, रोपे लाखों पौधे 

आगरा। आगरा में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जिलेभर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। शास्त्रीपुरम, कदमखंडी मंदिर परिसर और आवास विकास कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

शास्त्रीपुरम में केंद्रीय मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पौधारोपण

शास्त्रीपुरम के ब्लॉक-डी पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, विधायक चौधरी बाबूलाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह तथा मुख्य वन संरक्षक अनिल पटेल ने पौधारोपण किया।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण को उतना ही महत्वपूर्ण बताते हुए जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों को पौधारोपण से जोड़ने की अपील की। उन्होंने ‘रोपण दिवस’ के साथ ‘पोषण दिवस’ मनाने का सुझाव भी दिया।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारतीय परंपरा में वृक्षों और प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। उन्होंने वन विभाग से अधिकाधिक औषधीय और छायादार पौधे लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है।

डॉ. हरिओम ने हरित उत्तर प्रदेश का दिलाया संकल्प

प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

आगरा में 53.94 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधों के लक्ष्य के तहत जनपद आगरा में 53.94 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले का हरित आवरण वर्तमान में लगभग 6.85 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने स्कूली बच्चों से विशेष अपील करते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। साथ ही, नोडल अधिकारी के निर्देश पर पौधों की सुरक्षा और देखरेख के लिए विभागीय अधिकारियों, सिविल सोसायटी और आमजन की भागीदारी वाली समितियों के गठन के निर्देश दिए गए हैं। एक माह बाद ‘पोषण डे’ अभियान भी चलाया जाएगा।

डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, नगर विकास, आवास विकास, लोक निर्माण, जलशक्ति और अन्य विभागों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण किया है। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों और विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शारदा यूनिवर्सिटी परिसर में पांच हजार पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया।

कदमखंडी मंदिर में सांसद राजकुमार चाहर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कागारौल-किरावली क्षेत्र के गांव इकराम नगर स्थित पवित्र कदमखंडी मंदिर परिसर में फतेहपुर सीकरी सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने वृक्षारोपण किया सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन ने चलाया हरियाली अभियान

आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-16 स्थित प्रगति पार्क में इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन संस्कृति द्वारा ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के उपाध्यक्ष डॉ. रामनरेश शर्मा की माताजी विमलेश देवी ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर ब्रजेश शर्मा, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि पवन आगरी, सुमित चौधरी, अंगद सिंह सिसोदिया, पूर्व पीडब्ल्यूडी अधिकारी सोनी सिंह, आराध्या शर्मा, श्रुति शर्मा, अरुण सिंह और देव कश्यप समेत अनेक लोगों ने पौधे लगाए।

महासचिव अजय शर्मा ने कहा कि संस्था समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रही है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।