अस्पताल में था पूरा परिवार, सूने मकान पर चोरों का धावा, बेलनगंज में लाखों के जेवर-नकदी साफ
बेलनगंज में बंद मकान से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी। मकान मालिक शशांक अग्रवाल का परिवार बेटी के इलाज के लिए अस्पताल में था। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला, चोरी का पता चला। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूरों पर संदेह जताया गया। भाजपा नेता दीपक खरे ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। थाना छत्ता पुलिस ने जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक का पूरा परिवार अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद था। सुबह घर लौटने पर परिजनों ने जब कमरों का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही थाना छत्ता पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बेलनगंज निवासी शशांक अग्रवाल की बेटी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बेटी की देखभाल के लिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में ही रह रहे थे, जिसके चलते मकान बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के मुताबिक चोर घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घर के अंदर अलमारियां और सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिला। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि घर के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले किसी मजदूर को मकान के बंद होने की जानकारी थी और उसी ने या उसके सहयोगियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर चोरी हुई है, वह मुख्य चौराहे से बेहद कम दूरी पर स्थित है। ऐसे में रात के समय पुलिस गश्त के बावजूद चोरों का बेखौफ होकर लाखों रुपये की चोरी कर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। घटना को लेकर भाजपा नेता दीपक खरे ने भी थाना छत्ता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी होना चिंताजनक है और पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
फिलहाल थाना छत्ता पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।