नेत्रदान से रोशन होंगे अंधेरों में डूबे जीवन, हेल्प आगरा ने भरवाए मृत्योपरांत नेत्रदान के संकल्प पत्र

आगरा। विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर बुधवार को हेल्प आगरा द्वारा मोती कटरा स्थित हेल्प आगरा भवन में नेत्रदान संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना तथा मृत्योपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया और संकल्प पत्र भरकर समाज में इस पुनीत कार्य को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Jun 10, 2026 - 19:08
 0
नेत्रदान से रोशन होंगे अंधेरों में डूबे जीवन, हेल्प आगरा ने भरवाए मृत्योपरांत नेत्रदान के संकल्प पत्र
हेल्प आगरा भवन में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में नेत्रदान का संकल्प लेते लोग।

कार्यक्रम में नेत्रदान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाज में इसके प्रति फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान कर किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में उजाला लाया जा सकता है और उसे नई रोशनी दी जा सकती है।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि अग्नि में जल जाने वाली आंखों को बचाकर किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में प्रकाश फैलाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नेत्रदान का संकल्प लें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करें।

महासचिव गौतम सेठ ने कहा कि नेत्रदान की प्रक्रिया बेहद सरल है। इसके लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होती। सूचना मिलने पर नेत्रदान टीम स्वयं घर पहुंचकर कॉर्निया प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करती है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों के तीमारदारों तथा हेल्प आगरा के सेवारत स्टाफ ने भी नेत्रदान का संकल्प लिया और संकल्प पत्र भरे। संकल्प पत्र भरने वालों में विष्णु यादव, नम्रता यादव (नामनेर) तथा जलज गोयल (मानपाड़ा) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

नेत्रदान का संकल्प लेने वालों में अशोक बंसल, नंदकिशोर गोयल, राजीव गुप्ता, डॉ. मुकुल अग्रवाल, डॉ. विशाल गुप्ता, सुनील प्रभाकर, मनीष गर्ग और जगवीर सिंह सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक लोगों तक नेत्रदान का संदेश पहुंचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor