ताजगंज विद्युत शवदाह गृह में बढ़ीं सुविधाएं, प्रतीक्षालय हुआ वातानुकूलित, महापौर ने खराब भट्टियां जल्द ठीक कराने का दिया भरोसा
आगरा। ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय को वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) बना दिया गया है। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित इस विद्युत मोक्षधाम के वातानुकूलित प्रतीक्षालय का उद्घाटन रविवार को महापौर हेमलता दिवाकर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम की ओर से खराब पड़ी दोनों विद्युत भट्ठियों को शीघ्र ठीक कराने का आश्वासन दिया तथा विद्युत शवदाहगृह के प्रचार-प्रसार और पर्यावरण संरक्षण के लिए इसके अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया।
महापौर हेमलता दिवाकर ने इस मौके पर कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और अन्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है और इस दिशा में यह पहल सराहनीय है।
महापौर ने नगर निगम की ओर से विद्युत शवदाहगृह की खराब पड़ी दोनों भट्ठियों को जल्द ठीक कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्युत शवदाहगृह के प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग करेगा।
प्रतीक्षालय को वातानुकूलित बनाने में समाजसेवी श्याम बाबू बंसल, डॉ. सुशील गुप्ता विभव तथा रामलीला कमेटी के नरेश जैन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में उनके योगदान की सराहना की गई।
पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्युत शवदाहगृह अपनाने पर जोर
मोक्षधाम परिसर स्थित सत्संग हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने विद्युत शवदाह गृह के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। उनका कहना था कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक लकड़ी आधारित अंतिम संस्कार से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी।
महापौर हेमलता दिवाकर ने इस अवसर पर सभी से वृक्षारोपण को भी जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
धार्मिक आयोजनों से भी दिया जाए संदेश : पुरुषोत्तम खंडेलवाल
कार्यक्रम में मौजूद विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सुझाव दिया कि धार्मिक कथाओं और आयोजनों में व्यासपीठ से भी विद्युत शवदाहगृह के उपयोग का संदेश दिया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके प्रति जागरूक हों।
उन्होंने कहा कि सुविधाएं बढ़ने से लोगों का विश्वास बढ़ेगा और विद्युत शवदाहगृह की स्वीकार्यता में भी वृद्धि होगी।
आगरा का मॉडल बना उदाहरण
पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने विद्युत शवदाहगृह की स्थापना से लेकर इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा किए गए प्रयासों और विभिन्न जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के कई जिलों में बने विद्युत शवदाहगृह लगभग बंद होने की स्थिति में हैं, जबकि आगरा का विद्युत शवदाहगृह लगातार सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। यह बजाजा कमेटी की समाज में विश्वसनीयता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि वर्तमान में आगरा में लगभग 50 प्रतिशत अंतिम संस्कार विद्युत शवदाहगृह में किए जा रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अध्यक्ष अनिल जिंदल ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्युत शवदाहगृह प्रभारी संजीव गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, महासचिव राजीव अग्रवाल, समाजसेवी जगदीश बागला, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल तथा बजाजा कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।