संवेदनाओं से सजी फेयरफील्ड की वर्षगांठ: मूक-बधिर बच्चों की प्रतिभा ने बांधा समां, डॊ. रंजना बंसल बोलीं- आप अलग नहीं, सबसे बेहतर हैं, हिमानी बुंदेला ने बच्चों में भरा संघर्ष और सफलता का जज्बा
आगरा। अशोक कॉसमॉस मॉल, संजय प्लेस स्थित होटल फेयरफील्ड बाय मैरियट की तीसरी वर्षगांठ इस बार केवल उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार, संवेदनाओं और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गई। समारोह पूरी तरह मूक-बधिर बच्चों को समर्पित रहा, जहां बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और जिजीविषा ने उपस्थित लोगों को भावुक भी किया और प्रेरित भी।
कार्यक्रम का शुभारंभ होटल की डायरेक्टर डॉ. रंजना बंसल, कौन बनेगा करोड़पति से चर्चित हिमानी बुंदेला, होटल के महाप्रबंधक अमित कुमार मेहता, आगरा डेफ इनेबल समिति की अध्यक्ष ललिता गुप्ता, सचिव रश्मि तथा चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल बल्केश्वर की हरजीत कौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद होटल स्टाफ ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
होटल की डायरेक्टर डॉ. रंजना बंसल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज इस समारोह की सबसे खास और सबसे बड़ी ऑडियंस यही बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि आप अलग नहीं बल्कि सबसे बेहतर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि होटल परिवार आगे भी लगातार ऐसे बच्चों को मंच और सम्मान देता रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद हिमानी बुंदेला ने अपने प्रेरणादायी संबोधन से बच्चों और अभिभावकों में नया उत्साह भर दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी समान हैं, फर्क केवल कार्य करने के तरीके में होता है। जीवन में सीखने का कोई अवसर मिले तो उसे कभी नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने अपनी प्रेरक पंक्तियों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया-
“मुश्किलों से भाग जाना आसान होता है,
हर पहलू जिंदगी का इम्तिहान होता है,
डरने वालों को कुछ नहीं मिलता जिंदगी में,
लड़ने वालों के कदमों में सारा जहां होता है।
इसके बाद होटल की तीन वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें होटल की उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों को दर्शाया गया।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब ब्रेन हेमरेज के कारण दिव्यांग हुए रंजीत को अशोक ग्रुप की ओर से व्हीलचेयर भेंट की गई। इस मानवीय पहल ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
मूक-बधिर बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से पूरे कार्यक्रम में जान डाल दी। यशी, भूमि और विनायक ने बिना संगीत सुने सांस्कृतिक और देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती। आगरा डेफ इनेबल सोसायटी की अध्यक्ष ललिता गुप्ता ने बच्चों के लिए सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। केक कटिंग समारोह के साथ बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां देकर तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का संचालन एचआर मैनेजर अभय श्रीवास्तव ने किया। समापन सभी अतिथियों और बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से हम होंगे कामयाब...गीत गाकर किया गया, जिसने पूरे माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।