आगरा कैंट स्टेशन पर नकली नोटों का जाल बेनकाब, जीआरपी ने राजस्थान के युवक को दबोचा
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चेकिंग अभियान के दौरान राजस्थान निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500 रुपये के असली जैसे दिखने वाले नोटों की 80 गड्डियां बरामद हुई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि नोट कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल कहां होना था।
आगरा। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी, छिनैती, अवैध तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी आगरा कैंट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से एक युवक को असली जैसे दिखने वाले 500 रुपये के नोटों के साथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे के आदेश पर, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग आगरा के निर्देशन में की गई। अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक रेलवे आगरा द्वारा की जा रही थी। पुलिस के अनुसार 13 मई को थाना प्रभारी जीआरपी आगरा कैंट के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 दिल्ली साइड पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के असली जैसे दिखने वाले नोटों के 8 पैकेट, यानी कुल 80 गड्डियां बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरजोत पुत्र जसविंदर निवासी वार्ड नंबर-08, रोझा, थाना लूनकरन, जिला बीकानेर, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी आगरा कैंट में दर्ज मुकदमा संख्या 127/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338 और 336(3) में कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इन असलीनुमा नोटों को कहां से लाया था और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप कुमार, कांस्टेबल उदयप्रताप, प्रेमशंकर भारद्वाज, मनोज कुमार, राहुल अत्री (RPF) तथा संदीप नगाईच शामिल रहे।