आगरा में नकली आरओ पार्ट्स का भंडाफोड़,केंट के नाम पर बेचे जा रहे थे फर्जी फिल्टर
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस ने नकली आरओ पार्ट्स बेचने के मामले का खुलासा किया। केंट आरओ के नाम पर फर्जी फिल्टर बेचे जा रहे थे। सेक्टर-13 आवास विकास स्थित हर्ष वाटर सेल्स से 18 नकली पार्ट्स बरामद हुए और दुकानदार दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। कॉपिराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुकान से 18 नकली पार्ट्स बरामद
आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में नकली आरओ पार्ट्स बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। प्रसिद्ध ब्रांड केंट आरओ सिस्टम के नाम पर फर्जी फिल्टर और अन्य उपकरण बेचकर ग्राहकों को ठगा जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर जांच अधिकारी विपलव विश्वास ने इस पूरे नेटवर्क की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने जांच अधिकारी के साथ मिलकर सेक्टर-13, आवास विकास स्थित हर्ष वाटर सेल्स नामक दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान से 18 नकली केंट आरओ पार्ट्स बरामद किए गए, जिन्हें असली बताकर बेचा जा रहा था।
बरामद हुए ये नकली सामान
छापे में टीम ने आरओ मेम्ब्रेन, कार्बन फिल्टर, सेडिमेंट फिल्टर बरामद किए। ये सभी उत्पाद नकली पाए गए और ब्रांड की साख का गलत इस्तेमाल कर ग्राहकों को धोखा दिया जा रहा था।
दुकानदार गिरफ्तार, कॉपिराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज
मौके से दुकानदार दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ कॉपिराइट एक्ट की धारा 63/65 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी नकली उत्पादों को सील कर जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
ग्राहकों से सावधानी बरतने की अपील
पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी ब्रांडेड उत्पाद को खरीदते समय उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।