आगरा में पारिवारिक विवाद बना रणक्षेत्र, पुलिस के सामने भिड़े दोनों पक्ष, दामाद और ससुर गंभीर घायल
थाना मंटोला क्षेत्र में पति-पत्नी का विवाद हिंसक झड़प में बदला। मायके पक्ष के 25-30 लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव। दामाद और उसके पिता गंभीर घायल हो गए, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लड़की पक्ष ने भी बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी।
मायके पक्ष के दर्जनों लोगों के साथ पहुंचने पर मचा बवाल, ईंट-पत्थर चले
आगरा। आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र में पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद ने मंगलवार रात हिंसक रूप ले लिया। मायके पक्ष के लोगों के ससुराल पहुंचने के बाद जमकर हंगामा हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और पथराव हुआ, जिसमें दामाद और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच अफरा-तफरी और मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। सदर भट्टी निवासी मोहम्मद आमिर ने पत्नी के मायका पक्ष के 25 से 30 लोगों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। आमिर के मुताबिक उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले नालबंद चौराहा निवासी शिरीन से हुई थी।
आमिर का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग करता रहा। उसने बताया कि करीब एक माह पहले उसके ससुर अफजाल ने अपने बेटे के कारोबार के लिए पांच लाख रुपये उधार मांगे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते जब उसने रकम देने से इनकार किया तो ससुराल पक्ष उससे नाराज रहने लगा। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद उसकी पत्नी भी आए दिन विवाद करने लगी थी।
झूठी सूचना देकर पुलिस के साथ पहुंचे, फिर किया हमला
आमिर के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे उसका ससुर अफजाल, साला अदनान और अन्य नामजद व अज्ञात लोग पुलिस को कथित झूठी सूचना देकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और फिर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हमले में आमिर और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
जिला अस्पताल से समर्पण अस्पताल रेफर
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आमिर के पिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली गेट स्थित समर्पण अस्पताल रेफर कर दिया गया। आमिर के सिर और पसलियों में चोटें बताई गई हैं। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमले के दौरान उसके पिता का मोबाइल फोन और अंगूठियां भी गिरकर गायब हो गईं।
लड़की पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
वहीं लड़की पक्ष ने भी ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और घरेलू प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। इसी को लेकर विवाद बढ़ा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।