शादी में गया परिवार, सूने घर पर चोरों का धावा, सीसीटीवी में कैद हुई लाखों की चोरी
आगरा के ट्रांसयमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में शादी में गए परिवार के सूने घर में चोरों ने सेंध लगाकर करीब 6 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आगरा। आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। कालिंदी विहार इलाके में एक सूने घर को निशाना बनाकर शातिर बदमाशों ने लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
मिली जानकारी के अनुसार कालिंदी विहार डी-1023 निवासी नन्नेश कश्यप मंगलवार रात अपने परिवार के साथ मथुरा में भतीजे की शादी में शामिल होने गए थे। घर पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। रात करीब 1 बजे बाइक सवार दो बदमाश इलाके में पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों पहले आसपास की स्थिति का जायजा लेते हैं और फिर मुख्य दरवाजे का कुंदा तोड़कर अंदर घुस जाते हैं।
घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने एक-एक कमरे के ताले तोड़े और अलमारी को निशाना बनाया। वहां रखी करीब साढ़े चार लाख रुपये की नकदी और डेढ़ से दो लाख रुपये के पुश्तैनी जेवरात चोरी कर फरार हो गए। सुबह करीब 6 बजे पड़ोसियों की नजर टूटा हुआ दरवाजा पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित नन्नेश कश्यप के मुताबिक, चोरी गई रकम मकान खरीदने के लिए रखी गई एडवांस राशि थी, जो अब बदमाश ले उड़े।
थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हो गए हैं। उनकी पहचान के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।