आगरा में शराब के नशे में सात भाइयों के परिवार में खूनी संघर्ष, भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट

आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के नगला किशनलाल, बजरंग नगर में सोमवार रात शराब के नशे में छोटे भाई सत्तो ने बड़े भाई भूरा की लोहे के सब्बल से वार कर हत्या कर दी। दोनों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। घायल भूरा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Feb 24, 2026 - 01:53
 0
आगरा में शराब के नशे में सात भाइयों के परिवार में खूनी संघर्ष, भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस घटना की जांच करती हुई।

आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के नगला किशनलाल, बजरंग नगर में सोमवार रात लगभग आठ बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे के सब्बल से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि सात भाइयों के परिवार में लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। सोमवार रात किसी बात को लेकर छोटे भाई सत्तो और बड़े भाई भूरा के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि नशे की हालत में सत्तो ने लोहे के सब्बल से भूरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल भूरा को सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर पर गहरे चोट के निशान थे। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच पहले से रंजिश थी और अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।