एक पल में उजड़ गया परिवार, आगरा में एंबुलेंस-ऑटो भिड़ंत में दो की मौत, तीन गंभीर

आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी में रविवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ऑटो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली से शादी समारोह में आए पिता नेमीचंद और उनके 14 वर्षीय बेटे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

May 10, 2026 - 13:46
 0
एक पल में उजड़ गया परिवार, आगरा में एंबुलेंस-ऑटो भिड़ंत में दो की मौत, तीन गंभीर
एंबुलेंस-ऑटो भिड़ंत में चकनाचूर ऑटो।

परिवार के तीन सदस्य जिंदगी से जूझ रहे, बिचपुरी रोड पर हुआ भीषण सड़क हादसा, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित बिचपुरी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सामने से आ रहे ऑटो में इतनी भीषण टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे बिचपुरी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली निवासी नेमीचंद अपने परिवार के साथ आगरा के सदरवन गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह परिवार के पांच सदस्य ऑटो में सवार होकर कहीं जा रहे थे। तभी सामने से तेज गति से आ रही एंबुलेंस ने ऑटो में जोरदार भिड़ंत कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर बुरी तरह पलट गया और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल होकर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
इस दर्दनाक हादसे में ऑटो चालक नेमीचंद (36) और उनके 14 वर्षीय बड़े बेटे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेमीचंद की पत्नी कांता, बेटे गोविंदा और निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

परिजनों के मुताबिक नेमीचंद दिल्ली में ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने चाचा विपत्ति की बेटी सोनम की शादी में शामिल होने परिवार सहित आगरा आए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि शादी का यह सफर परिवार के लिए इतना भयावह साबित होगा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। एंबुलेंस चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।