आगरा के पिनाहट क्षेत्र में आलू खुदाई के दौरान किसान पर गिरा जर्जर हाईटेंशन विद्युत तार, गंभीर रूप से झुलसा, परिजनों का खेत में ही धरना

पिनाहट (आगरा)। पिनाहट क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। खेत में आलू की खुदाई कर रहे किसान पर अचानक हाईटेंशन लाइन का जर्जर विद्युत तार टूटकर गिर गया, जिससे एक युवा किसान गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने खेत में ही धरना देकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Mar 8, 2026 - 18:22
 0
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में आलू खुदाई के दौरान किसान पर गिरा जर्जर हाईटेंशन विद्युत तार, गंभीर रूप से झुलसा, परिजनों का खेत में ही धरना
अस्पताल में उपचाररत रवि।

आलू खुदाई के दौरान हुआ हादसा

मामला थाना पिनाहट क्षेत्र का है, जहां किसान सोनू उर्फ रवि पुत्र रामभरोसी निवासी अरनोटा मार्ग पिनाहट अपने खेत में आलू की खुदाई करा रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का जर्जर तार अचानक टूटकर किसान पर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आने से किसान बुरी तरह झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह रवि को करंट की चपेट से बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे किसान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार काफी समय से जर्जर हालत में थे और इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत भी की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को बदल दिया जाता, तो यह हादसा नहीं होता।

खेत में ही धरने पर बैठे परिजन

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण खेत में ही धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में लगे सभी जर्जर विद्युत तारों को तुरंत बदला जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor