किसान का दर्द, नेता का मरहम, चेंकोरा के पीड़ित परिवारों से मिले यशपाल चौधरी, दी आर्थिक मदद
आगरा के चेंकोरा गांव में 8 अगस्त को खारी नदी में जलकुंभी के कारण 18 दुधारू भैंसों की डूबने से मौत हो गई थी। इस त्रासदी से प्रभावित पीड़ितों की मदद के लिए गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल चौधरी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किसान कमल सिंह को 1 लाख रुपये और वीरेंद्र को 50 हजार रुपये (कुल 1.5 लाख रुपये) की नकद आर्थिक सहायता दी, साथ ही कमल सिंह की बेटी की शादी का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय नेताओं पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए फतेहपुर सीकरी से सेवा का मौका देने की अपील की, जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
किरावली (आगरा)। किरावली-कागारौल मार्ग स्थित खारी नदी में गत 8 अगस्त को जलकुंभी में फंसकर 18 दुधारू पशुओं की दर्दनाक मौत के बाद से ही गांव चेंकोरा में मातम पसरा हुआ था। आजीविका के मुख्य साधन (दुधारू भैंसों) को गंवा चुके पीड़ित किसान परिवारों के आंसू पोंछने के लिए गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल चौधरी चेंकोरा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किसानों को पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार डेढ़ लाख रुपये की नकद सहायता राशि सौंपी।
पीड़ितों को डेढ़ लाख की आर्थिक मदद, बेटी की शादी की ली जिम्मेदारी
गांव पहुंचे भाजपा नेता यशपाल चौधरी ने पीड़ित किसान कमल सिंह को 1 लाख रुपये और वीरेंद्र सिंह को 50 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की। उल्लेखनीय है कि 8 अगस्त को नदी में डूबने से कमल सिंह की 12 और वीरेंद्र सिंह की 6 दुधारू भैंसों की मौत हो गई थी, जिससे दोनों परिवारों पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा था। मदद का हाथ बढ़ाते हुए भाजपा नेता ने एक और बड़ा संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि पीड़ित किसान कमल सिंह की बेटी की शादी जब भी तय होगी, उसमें लगने वाले संपूर्ण दहेज और सामग्री की व्यवस्था वह स्वयं अपनी तरफ से करेंगे।
क्षेत्रीय नेताओं पर जमकर बरसे यशपाल चौधरी
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यशपाल चौधरी अचानक राजनीतिक रूप से हमलावर नजर आए। उन्होंने क्षेत्रीय नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेता गरीब के दुख-संकट में खड़ा न हो सके, उसे राजनीति करने का कोई हक नहीं है और ऐसे लोगों को तुरंत राजनीति छोड़ देनी चाहिए। उपस्थित जनसमूह की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि केवल अपने और अपने परिवार के हितों को साधने में लगे हैं; उन्हें जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाती है, तो वह जनता के अधिकारों और विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र की जनता के लिए किए गए सामाजिक व आर्थिक सहयोग का उल्लेख करते हुए आशीर्वाद मांगा।
ग्रामीणों का मिला समर्थन
भाजपा नेता के इस कदम की ग्रामीणों ने सराहना की। जनसभा के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट लहजे में आश्वस्त किया कि यदि यशपाल चौधरी भविष्य में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो पूरा गांव और क्षेत्र उन्हें विजयी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर शमशेर सिंह, नवल सिंह मुखिया, जगदीश सोलंकी, राजकुमार चाहर, मंगतू राम प्रधान, लाखन सिंह चाहर, प्रताप सिंह, सुभाष चाहर, घनश्याम सिंह, ओमप्रकाश, बीरबल सिंह, हरिभान सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।