आगरा के फतेहपुर सीकरी में रॉन्ग साइड ट्रकों पर सख्तीः ट्रोला चालक द्वारा दरोगा की गाड़ी में टक्कर मारने की कोशिश, पेट्रोल पंप पर भी हुआ विवाद
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी-भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रॉन्ग साइड से चलने वाले भारी वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार शाम चौमा चौकी पुलिस और एक ट्रोला चालक के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि ट्रोला चालक ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए चौकी प्रभारी की सरकारी गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया और तेज गति से वाहन लेकर जिओ पेट्रोल पंप में घुस गया। इसके बाद पुलिस जब पंप पर पहुंची तो पंप संचालक से भी प्राइवेट प्रॉपर्टी को लेकर कहासुनी हो गई। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और देर रात तक अभियान चलाकर रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार 22 जून 2026 को शाम करीब आठ बजे चौमा चौकी प्रभारी राजकुमार गोस्वामी पुलिस टीम के साथ पाली कट पर रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रोला चालक ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दरोगा को रास्ते से हटने के लिए कहा। आरोप है कि चालक ने तेज गति से ट्रोला बढ़ाते हुए पुलिस वाहन में टक्कर मारने का प्रयास किया और करीब 50 मीटर आगे स्थित जिओ पेट्रोल पंप में वाहन खड़ा कर दिया।
पुलिस टीम जब ट्रोला चालक के पीछे-पीछे पेट्रोल पंप पहुंची तो वहां पंप संचालक ने इसे निजी संपत्ति बताते हुए पुलिस को पंप परिसर से हटने के लिए कहा। इस दौरान पुलिस और पंप संचालक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
विवाद की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद तोमर, उपनिरीक्षक हिमांशु पाल, उपनिरीक्षक सोम गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पाली कट और जिओ पेट्रोल पंप पर पहुंच गया। इसके बाद रात करीब नौ बजे तक रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त अलका ने 9 जून 2026 को थाना फतेहपुर सीकरी को विशेष निर्देश जारी किए थे। आदेश में पाली कट से रॉन्ग साइड जाने वाले सभी वाहनों को रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके अनुपालन में यह अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार भरतपुर से आगरा जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर विभिन्न कंपनियों के कई पेट्रोल पंप स्थित हैं। ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा निर्धारित पंपों से ही डीजल भरवाने की व्यवस्था तथा हाईवे पर कटों की अधिक दूरी होने के कारण अधिकांश ट्रक चालक रॉन्ग साइड से पेट्रोल पंपों तक पहुंचते हैं। इससे दोपहिया और छोटे वाहनों के साथ आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।