फतेहपुर सीकरी गैंगरेप केस, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

फतेहपुर सीकरी में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में फरार मुख्य आरोपी संजय कुरैशी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में चली गोली उसके पैर में लगी। इससे पहले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

May 4, 2026 - 20:53
 0
फतेहपुर सीकरी गैंगरेप केस, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

आगरा/फतेहपुर सीकरी। स्मारक क्षेत्र में 19 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया।

निर्जन इलाके में वारदात को दिया अंजाम

घटना शनिवार दोपहर की है, जब क्षेत्र की 19 वर्षीय छात्रा लघु शंका के लिए शाहकुली स्मारक क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर गई थी। इसी दौरान दो बदमाशों ने उसका पीछा किया और जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पहले एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार रात ही एक आरोपी कासिम उर्फ हरी मिर्च को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुख्य आरोपी संजय कुरैशी पुत्र फक्को उर्फ फखरुद्दीन घटना के बाद से फरार चल रहा था।

मुठभेड़ में गोली लगने के बाद दबोचा गया आरोपी

रविवार देर रात मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दौरा रोड पर इस्लामगंज की ओर से आ रहे आरोपी को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल में भर्ती, आगे की कार्रवाई जारी

घायल आरोपी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा के एशियन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।