खराब लिफ्ट बनी काल, निर्माणाधीन बिल्डिंग में करंट लगने से मजदूर की मौत, मालिक-सुपरवाइजर फरार

आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन ‘पारस पल्स’ बिल्डिंग में काम कर रहे मजदूर पर्बत की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आशंका है कि खराब लिफ्ट में करंट उतरने से हादसा हुआ। मृतक के भाई ने सुपरवाइजर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद साइट मालिक और सुपरवाइजर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

May 28, 2026 - 20:50
 0
खराब लिफ्ट बनी काल, निर्माणाधीन बिल्डिंग में करंट लगने से मजदूर की मौत, मालिक-सुपरवाइजर फरार
मृतक पर्बत का फाइल फोटो

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित आवास विकास सेक्टर-12 की ‘पारस पल्स’ बिल्डिंग में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि खराब लिफ्ट में करंट उतरने से मजदूर उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद साइट का मालिक और सुपरवाइजर मौके से गायब हो गए, जिससे मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश है।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी पर्बत के रूप में हुई है, जो रोजी-रोटी कमाने के लिए आगरा आया था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के भाई बृजेंद्र, जो उसी साइट पर मिस्त्री का काम करते हैं, ने सुपरवाइजर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि नीचे प्लास्टर का काम चल रहा था और लिफ्ट में तकनीकी दिक्कत पहले से थी।

बृजेंद्र के मुताबिक, “मैंने सुपरवाइजर से कहा था कि लिफ्ट खराब है और उसमें करंट आने का खतरा है। मैंने दो लोगों को साथ भेजने की बात कही थी, लेकिन उसने मेरी एक नहीं सुनी। उसने जबरन मेरे भाई पर्बत को अकेले ऊपर भेज दिया।”

ऊपर पहुंचते ही हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, जैसे ही पर्बत लिफ्ट से ऊपर पहुंचा, अचानक बिजली का फाल्ट हुआ और वह करंट की चपेट में आ गया। अकेले होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। करीब 5 से 10 मिनट बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों की नजर लिफ्ट पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर नीचे काम कर रहे मजदूर ऊपर पहुंचे और पर्बत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल से भागे मालिक

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बिल्डिंग का मालिक और उसका बेटा अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही उन्हें पर्बत की मौत की जानकारी मिली, दोनों कानूनी कार्रवाई के डर से वहां से चुपचाप फरार हो गए। घटना के बाद मजदूरों में भारी रोष है। उनका कहना है कि साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और खराब मशीनों के बावजूद काम कराया जा रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।