मां और सासू मां के सम्मान में भावनाओं का महोत्सव: शी विल इंस्पायर संस्था ने गीत-संगीत और आत्मीय पलों के बीच यादगार बनाया मदर्स डे समारोह
आगरा। मातृत्व के स्नेह, त्याग और संस्कारों को समर्पित एक भावनात्मक और गरिमामयी आयोजन में शी विल इंस्पायर संस्था ने गुरुवार को होटल हॉलीडे इन में मदर्स डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया। समारोह में मां और सासू मां के सम्मान में प्रेम, आदर और कृतज्ञता के भावों की अनुपम अभिव्यक्ति देखने को मिली। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी माताओं और परिवार की वरिष्ठ महिलाओं का अभिनंदन कर उन्हें विशेष सम्मान दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पीआई इंडस्ट्रीज की सीएसआर एवं ईएसजी हेड डॉ. अक्षिता शुक्ला तथा शिक्षाविद् निधि सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्था की संस्थापक राशि गर्ग ने कहा कि मां जीवन की पहली गुरु, पहली मित्र और सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं। मां का निस्वार्थ प्रेम जीवन को दिशा और शक्ति देता है। उन्होंने कहा कि मदर्स डे केवल उत्सव नहीं, बल्कि मां के त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है।
डॉ. अक्षिता शुक्ला ने कहा कि मां परिवार और समाज दोनों की आधारशिला होती हैं। मां ही बच्चों को संस्कार और संवेदनाएं देती हैं, जिससे समाज मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे आयोजन परिवारों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
शिक्षाविद् निधि सिंह ने कहा कि मां का स्नेह और संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने शी विल इंस्पायर संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महिलाओं और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रही है।
समारोह में उस समय भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा जब एलन कश्यप की मधुर प्रस्तुतियों पर सदस्यों ने अपनी माताओं को समर्पित गीत गाए। गीतों की स्वर लहरियों ने पूरे माहौल को भावुक बना दिया और उपस्थित लोग मातृत्व के प्रेम में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम का संचालन पूजा लूथरा, कीर्ति खंडेलवाल, मीनाक्षी किशोर एवं दीपिका ने किया। आयोजन की व्यवस्थाएं अदिति, कृषिका, डॉ. भास्कर ज्योति एवं खुशबू ने संभालीं। वहीं मनोरंजन गेम्स का संचालन दीक्षा, रुचि, दिव्या गुप्ता और कंचन ने किया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टैरो कार्ड रीडिंग द्वारा हरमीत कौर ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
समारोह के दौरान रानी खंडेलवाल, रागिनी गर्ग, शिखा अग्रवाल, सर्वेश गुप्ता, वीणा लूथरा, रीता विज, आभा मित्तल और बृजेश सहित कई माताओं ने केक काटकर मदर्स डे की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में मां के प्रति सम्मान, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव की खूबसूरत झलक देखने को मिली।