आगरा में फिल्मी अंदाज में लूट: मिर्च झोंककर चाचा-भतीजे से 8 लाख उड़ाए, 50 मीटर तक घसीटा

आगरा के फतेहाबाद में खेत बेचकर लौट रहे चाचा-भतीजे से तीन बदमाशों ने मिर्च पाउडर डालकर आठ लाख रुपये लूट लिए। अपाचे बाइक पर आए लुटेरे रुपये से भरा बैग छीनकर फिरोजाबाद की ओर फरार हो गए। बैग बचाने की कोशिश में एक पीड़ित को करीब 50 मीटर तक घसीटा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है और अधिकारियों ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया।

Mar 7, 2026 - 17:02
 0
आगरा में फिल्मी अंदाज में लूट: मिर्च झोंककर चाचा-भतीजे से 8 लाख उड़ाए, 50 मीटर तक घसीटा
बैग छीनकर भागते लुटेरे।

अपाचे बाइक पर आए तीन लुटेरों ने वारदात को दिया अंजाम, देर रात अफसरों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

आगरा। आगरा के कस्बा फतेहाबाद में शुक्रवार शाम दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने खेत बेचकर लौट रहे चाचा-भतीजे की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनसे आठ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पीड़ितों की पहचान भगवती प्रसाद के बेटे निहाल सिंह और उनके चाचा बच्चूसिंह के रूप में हुई है। दोनों स्प्लेंडर बाइक से रुपये लेकर गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि भगवती प्रसाद ने बैंक से करीब तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था, जो ब्याज सहित बढ़कर आठ लाख रुपये हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने अपना खेत बेच दिया था और उसी रकम को लेकर परिवार के सदस्य घर लौट रहे थे।

घटना के समय भगवती प्रसाद फतेहाबाद बाईपास रोड पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सामान खरीदने के लिए रुक गए थे, जबकि निहाल सिंह और बच्चूसिंह रुपये लेकर गांव अई की ओर निकल गए। जैसे ही दोनों प्रेमचंद डीलर के घर के पास मोड़ पर पहुंचे, पीछे से अपाचे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।

मिर्च पड़ते ही दोनों बाइक से संभल नहीं पाए और इसी बीच बदमाशों ने उनके पास रखा आठ लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। बच्चूसिंह ने बताया कि उन्होंने बैग छोड़ने से मना किया तो बदमाश उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। बाद में गोली मारने की धमकी देने पर मजबूरन बैग छोड़ना पड़ा और बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए।

वारदात के बाद तीनों आरोपी फिरोजाबाद की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फतेहाबाद थाने के इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से पूरी जानकारी ली।

देर रात एडिशनल सीपी और डीसीपी पूर्वी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।