वफादार साथी ट्रैकर डॉग फैंग को अंतिम सलाम, बरेली पुलिस लाइन में भावुक विदाई

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली पुलिस विभाग ने बुधवार को अपने सबसे वफादार और बहादुर ट्रैकर डॉग इंस्पेक्टर फैंग (जर्मन शेफर्ड) को पूर्ण पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित यह समारोह अत्यंत भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्टाफ ने नम आंखों से अपने इस चार पैरों वाले साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

May 21, 2026 - 22:04
 0
वफादार साथी ट्रैकर डॉग फैंग को अंतिम सलाम, बरेली पुलिस लाइन में भावुक विदाई
अपने वफादार साथी ट्रैकर डॊग इंसपेक्टर फैंग को अंतिम विदाई देते बरेली के पुलिस अधिकारी।

पुलिस विभाग के अनुसार इंस्पेक्टर फैंग ने अपने सेवाकाल के दौरान चोरी, लूट और हत्या जैसे कई गंभीर मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई। अपनी असाधारण सूंघने की क्षमता और उत्कृष्ट ट्रैकिंग स्किल के चलते वह अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस की सबसे भरोसेमंद कड़ी बन चुका था।

आईटीबीपी में मिला विशेष प्रशिक्षण, बरेली पुलिस का बना अभिन्न हिस्सा

इंस्पेक्टर फैंग ने हरियाणा के पंचकूला स्थित आईटीबीपी में 09 माह का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इसके बाद 20 अक्टूबर 2019 को उसे जनपद बरेली पुलिस विभाग में तैनात किया गया। अपने पूरे सेवाकाल में उसने कई जटिल आपराधिक मामलों में पुलिस को निर्णायक सुराग उपलब्ध कराए।

8 वर्ष 3 माह की उम्र में निधन, पुलिस लाइन में गूंजी सलामी

बुधवार को बीमारी के चलते 08 वर्ष 03 माह की आयु में इंस्पेक्टर फैंग का निधन हो गया। इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन, बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा उसे पारंपरिक पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

इस अवसर पर एसपी सिटी, एसपी साउथ, एसपी उत्तरी सहित क्षेत्राधिकारी हाईवे, नगर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर गार्ड ऑफ ऑनर एवं अंतिम सलामी दी।

अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि फैंग अपनी तेज सूंघने की क्षमता और बेहतरीन ट्रैकिंग के कारण कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में निर्णायक साबित हुआ। अपराधियों तक पहुंचने में वह पुलिस की सबसे मजबूत और भरोसेमंद कड़ी बन चुका था।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor