महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी पर यूट्यूबर बाबू गप्पी के खिलाफ आगरा के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज

आगरा। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला वीडियो पोस्ट करना एक यूट्यूबर को भारी पड़ गया। आगरा के साइबर क्राइम थाने में यूट्यूबर बाबू गप्पी उर्फ भोला गुर्जर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वायरल वीडियो को लेकर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उधर मामला बढ़ने पर यू ट्यूबर बाब गप्पी ने एक वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। 

Jul 3, 2026 - 20:49
 0
महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी पर यूट्यूबर बाबू गप्पी के खिलाफ आगरा के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज
यट्यबर बाब गप्पी।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो में यूट्यूबर बाबू गप्पी द्वारा महिलाओं के निजी अंगों को लेकर कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर कई संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबिता सिंह चौहान ने भी इस मामले का संज्ञान लेकर पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 

शिकायत प्राप्त होने पर आगरा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए यूट्यूबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद वीडियो की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो किस प्लेटफॉर्म से अपलोड किया गया, उसे कितने लोगों तक पहुंचाया गया और क्या उसके माध्यम से अन्य कानूनों का भी उल्लंघन हुआ है।

साइबर क्राइम थाना पुलिस आरोपी यूट्यूबर की तलाश में जुटी है और उसके डिजिटल अकाउंट, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक, अश्लील या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

उधर बाब गप्पी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस, प्रशासन और सभी से माफी मांगी है। उसका कहना है कि वह लोगों को हंसाने वाले वीडियो बनाता है, लेकिन उसके वीडियो से जो भावनाएं आहत हुई हैं, उसके लिए माफी चाहता है। 

SP_Singh AURGURU Editor