बरेली में पांच साल की बच्ची से दो किशोरों ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया
-आरके सिंह- बरेली। बहेड़ी क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गांव में आयोजित अखंड रामायण पाठ के दौरान पांच साल की एक बच्ची साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़िता गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण सिंह ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार गांव में अखंड रामायण पाठ का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो किशोर बच्ची को बहला-फुसलाकर खेतों की ओर ले गए। कुछ समय बाद बच्ची रोते हुए और खून से लथपथ हालत में घर पहुंची।
परिजनों ने जब उससे घटना के बारे में पूछा तो बच्ची ने गांव के ही दो किशोरों द्वारा दुष्कर्म किये जाने की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर रही है।