ताज सुरक्षा पुलिस की टूरिस्ट फ्रेंडली पुलिसिंग की विदेशी सैलानियों ने खुलकर की सराहना, ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट के तहत पश्चिमी गेट पर विदेशी मेहमानों का भारतीय परंपरा से हो रहा स्वागत
आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा के साथ-साथ अब आगरा पुलिस की टूरिस्ट फ्रेंडली पुलिसिंग विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा की क्विक रिस्पांस टीम द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट के तहत ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पर्यटकों का स्वागत भारतीय परंपरा अतिथि देवो भवः और वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के साथ किया गया।
ताजमहल परिसर के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर पहुंचे अमेरिका, जापान, इटली सहित विभिन्न देशों से आए पर्यटकों को पुलिस टीम ने न केवल सुरक्षा का भरोसा दिया बल्कि भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का जीवंत अनुभव भी कराया। पर्यटकों के समूहों की हर संभव सहायता कर उनसे मित्रवत संवाद स्थापित किया गया, जिससे उनकी यात्रा और अधिक यादगार बन गई।
इस पहल के चलते कई विदेशी सैलानियों ने आगरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां उन्हें सुरक्षा के साथ-साथ अपनापन और सम्मान का अनुभव मिला है। पुलिस की इस संवेदनशील पहल ने ताजमहल भ्रमण को केवल एक पर्यटन यात्रा न बनाकर एक सांस्कृतिक अनुभव में बदल दिया।
इस अभियान में ताज सुरक्षा थाने की टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु तथा महिला आरक्षी सुलेखा शामिल रहे, जिन्होंने विदेशी पर्यटकों के साथ शालीनता और सहयोगपूर्ण व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान की।
यह पूरा अभियान न केवल पर्यटन पुलिसिंग का नया उदाहरण बन रहा है, बल्कि आगरा की वैश्विक छवि को भी और अधिक सकारात्मक और आकर्षक बना रहा है।