ऑटो में बैठकर करते थे मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी, चार शातिर बदमाश दबोचे

थाना हरीपर्वत पुलिस ने मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 चोरी के मोबाइल, 1200 रुपये नकद और बिना नंबर का ऑटो बरामद हुआ। गिरोह ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों का सामान चोरी करता था। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

May 14, 2026 - 22:21
 0
ऑटो में बैठकर करते थे मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी, चार शातिर बदमाश दबोचे
पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर।

पुलिस ने 10 चोरी के मोबाइल, नकदी और बिना नंबर का ऑटो किया बरामद

आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश ऑटो में सवारी बनकर बैठते थे और मौका मिलते ही यात्रियों के मोबाइल व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन, 1200 रुपये नगद और बिना नंबर का एक ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी नीरज शर्मा के निर्देशन में चौकी नेहरू नगर पुलिस और थाना हरीपर्वत की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाला गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाविद, नाविद उर्फ मोटा, शाहिद उर्फ सोहेल और ऑटो चालक अरमान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और सवारी वाहनों में लोगों को निशाना बनाते थे। गिरोह का ऑटो चालक अरमान सवारियों को बैठाता था, जबकि अन्य साथी बातचीत या धक्का-मुक्की के बहाने यात्रियों का ध्यान भटकाकर मोबाइल और नकदी चोरी कर लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 1200 रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल किया जाने वाला बिना नंबर का ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस अब बरामद मोबाइलों के संबंध में अन्य थानों से जानकारी जुटा रही है ताकि चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।

थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य साथियों और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।