घरों में काम करने वाली महिला से लेकर सुनसान मकानों तक महिला चोरों का नेटवर्क बेनकाब
आगरा में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया। लोहामंडी में काम करने वाली महिला ने घर से ₹2.75 लाख और जेवरात चोरी किए, जिसे 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं ट्रांस यमुना में बंद घर में चोरी के मामले में एक महिला समेत गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जो सुनसान मकानों को निशाना बनाता था।
आगरा। आगरा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की दो घटनाओं ने शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने दोनों मामलों का खुलासा कर दिया। खास बात यह रही कि दोनों घटनाओं में महिला आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिससे एक संगठित तरीके से हो रही चोरी की घटनाओं की ओर इशारा मिलता है।
थाना लोहामंडी क्षेत्र में एक घर में काम करने वाली महिला ने विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने घर की खुली अलमारी में रखे ₹2,75,000 नकद, सोने का ब्रेसलेट और बच्चे के कड़े चोरी कर लिए। घटना का पता तब चला जब काम वाली के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने अलमारी चेक की और सामान गायब मिला। परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पूरी नकदी व आभूषण बरामद कर लिए।
वहीं दूसरी ओर थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में 7 मार्च को हुई चोरी की घटना का भी पुलिस ने सफल खुलासा किया। यह चोरी उस समय हुई थी जब घर के सभी सदस्य अपनी पुत्री का मुंडन कराने गौतमबुद्ध नगर गए हुए थे। खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शाह हॉस्पिटल के पास से एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह मोनू और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। गिरोह बंद पड़े मकानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद सामान महिला को बेचने के लिए दिया जाता था, जिसमें से वह अपना हिस्सा रखकर बाकी रकम मोनू को दे देती थी।
दोनों ही मामलों में पुलिस की सक्रियता और तेज कार्रवाई से न केवल चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया। ये घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि अब चोर गिरोह नए-नए तरीकों से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिनमें महिला अपराधियों की भागीदारी भी बढ़ती नजर आ रही है।