कदमखंडी से जनसुनवाई तक, सांसद राजकुमार चाहर का विकास और समाधान पर फोकस

सांसद राजकुमार चाहर ने कदमखंडी धार्मिक स्थल के विकास के लिए 58 लाख रुपये की योजना को आगे बढ़ाते हुए इसे पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में काम शुरू किया है। साथ ही मोनी बाबा आश्रमों के विकास के लिए भी बजट की पहल की गई है। दूसरी ओर, जनसुनवाई कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए, जिससे जनप्रतिनिधित्व की सक्रियता भी देखने को मिली।

Apr 22, 2026 - 20:31
 0
कदमखंडी से जनसुनवाई तक, सांसद राजकुमार चाहर का विकास और समाधान पर फोकस
विकासखंड अकोला के गांव इकराम नगर में कदमखंडी के विकास की ग्रामीणों को जानकारी देते सांसद राजकुमार चाहर।

58 लाख से कदमखंडी का कायाकल्प, पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की तैयारी, जनसुनवाई में सैकड़ों लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान

आगरा/ किरावली/अकोला।  विकासखंड अकोला के गांव इकराम नगर स्थित वर्षों पुराने पवित्र धार्मिक स्थल कदमखंडी के विकास को लेकर क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर ने प्रमुखजनों के साथ स्थल का निरीक्षण कर आगामी विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की।

सांसद के प्रयासों से कदमखंडी स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 58 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रस्तावित कार्यों में परिसर में एक बड़ा हॉल, शौचालय, बाथरूम, दो कमरे और पेयजल की समुचित व्यवस्था शामिल है। इसके साथ ही इस पवित्र स्थल को पर्यटन मानचित्र पर लाने की योजना भी तैयार की जा रही है, जिसके लिए पर्यटन विभाग से करीब 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति दिलाने का प्रयास जारी है।

सांसद चाहर ने बताया कि स्थल के सामने स्थित पोखर और उसके आसपास के मार्ग का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा, किरावली तहसील के मोनी बाबा आश्रम तथा जाजऊ स्थित मोनी बाबा आश्रम के विकास के लिए भी एक-एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाने की बात कही गई है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जनता ने सांसद का साफा बांधकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर चाहरवाटी क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, दिए तत्काल निर्देश

बुधवार को किरावली तहसील के सामने स्थित विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के ‘सेवा तीर्थ नागरिक देवो भवः’ सांसद कार्यालय पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सांसद राजकुमार चाहर के समक्ष रखे।
सांसद ने हर समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन को संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाना जरूरी है। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

इस दौरान गुड्डू चाहर, विश्वजीत सिंह, विनोद अग्रवाल, भूप सिंह इन्दोलिया, भगत प्रधान, सतेंद्र यादव, पिंकी सरपंच, डॉ. नेम सिंह, घंसु सरपंच, डोरीलाल, राजू लवानिया, राजीव जैन, धारा सिंह, जितेंद्र प्रधान, पवन इन्दोलिया सहित अनेक  लोग उपस्थित रहे।