कमल मनोरथ से काली घटा दर्शन और तुलसी विवाह से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व गंगा दशहरा सेवा तक पुरुषोत्तम मास में भक्ति, उत्सव और सनातन परंपरा से सराबोर हुआ आगरा
आगरा। पुरुषोत्तम मास, पद्मिनी एकादशी और गंगा दशहरा के पावन अवसर पर ताजनगरी आगरा पूरी तरह भक्ति, श्रद्धा और सनातन उत्सवों के रंग में रंगी नजर आई। कहीं 21 सौ कमल पुष्पों से भगवान जगन्नाथ का दिव्य फूल बंगला सजा, तो कहीं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव की बधाइयों से कथा पंडाल गूंज उठा। श्री प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर जी की बरात के साथ तुलसी विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ, वहीं श्रीमथुराधीश जी मंदिर में सावन की काली घटा दर्शन ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। दूसरी ओर भारत विकास परिषद अमृतम शाखा ने गंगा दशहरा और एकादशी पर राहगीरों को शरबती दूध, छाछ और शीतल जल वितरित कर सेवा का संदेश दिया। शहरभर में दिनभर भक्ति, संकीर्तन, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
21 सौ कमल पुष्पों से सजा श्रीजगन्नाथ जी का सिंहासन, कमल मनोरथ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

21 सौ कमल पुष्पों से सजे भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलराम जी करते समय भाव विभोर श्रद्धालु।
कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में पद्मिनी एकादशी के अवसर पर आयोजित कमल तलाई मनोरथ श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत केंद्र बना रहा। विशेष रूप से धौलपुर से मंगाए गए 21 सौ कमल पुष्पों से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम का भव्य फूल बंगला सजाया गया। कमल पुष्पों के मध्य विराजमान श्रीहरि की मनोहारी छवि के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मंदिर में 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन हुआ और संध्या आरती के समय भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान को चंदन के छापों वाली हल्की गुलाबी सूती पोशाक धारण कराई गई। इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, अदिति गौरांगी, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल और शाश्वत नन्दलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जब बढ़ता है अधर्म, तब भगवान लेते हैं अवतार — श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव से भक्तिमय हुआ कथा पंडाल

लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव पर भक्ति भाव में झूमते श्रद्धालु एवं कथा व्यास नीरज नयन महाराज।
लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में माधवी अग्र महिला मंडल द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के तीसरे दिन कथा व्यास नीरज नयन महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म लीला और विभिन्न अवतारों का भावपूर्ण वर्णन किया। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, पूरा कथा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने नंदोत्सव मनाते हुए बधाइयां लुटाईं और महिलाओं ने मंगलगीत गाकर फूलों की वर्षा की। कथा व्यास नीरज नयन महाराज ने कहा कि जब-जब संसार में अधर्म और अन्याय बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन में भक्ति, विनम्रता और सदाचार का संचार करती है। इस अवसर पर परीक्षित बने रघुवीर सहाय जैन और आभा जैन ने व्यास पूजन किया। कार्यक्रम में सचिव ऊषा बंसल, रजनी, श्वेता गोयल, रीना अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, नीलम मित्तल, संगीता, शिल्पी, कुसुम गर्ग, निर्मल, आशी अग्रवाल, सुरेश चंद्र गर्ग, राकेश गोयल, ओमप्रकाश गोयल, राकेश गर्ग, पायल और अंकुर आदि उपस्थित रहे।
सावन की काली घटा दर्शन में डूबे भक्त, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में जीवंत हुई ब्रज की मेघमल्हार लीला

बेलनगंज स्थित श्री ठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में काली घटा दर्शन के दौरान श्यामल सज्जा और दिव्य श्रृंगार में विराजमान ठाकुर जी के दर्शन करते भक्तगण।
यमुना किनारे स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री ठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर, बेलनगंज में पुरुषोत्तम मास के दौरान आयोजित काली घटा दर्शन ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर को काले वस्त्रों, कृत्रिम बादलों, रोशनी और पुष्पों से इस प्रकार सजाया गया कि पूरा वातावरण सावन-भादों की मेघमल्हार लीला जैसा प्रतीत होने लगा।
यमुना सेवक बृज खंडेलवाल ने बताया कि पुष्टिमार्गीय परंपरा में काली घटा एक विशेष मनोरथ है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को श्यामल वातावरण में विराजमान कर वर्षा ऋतु की दिव्य अनुभूति कराई जाती है। मंदिर में “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे। इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, शिवांक खंडेलवाल, राज प्रकाश गर्ग, शुभ गर्ग, यश गर्ग, जुगल श्रोत्रिय, पद्मिनी ताजमहल, अपाला श्रोत्रिय, मन निषाद और विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बैंड-बाजों के साथ निकली ठाकुर जी की बरात, धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी विवाह

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में तुलसी विवाह मनोरथ के दौरान दर्शन करते श्रद्धालु।
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुरुषोत्तम मास मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत अधिकमास के 11वें दिन तुलसी विवाह का भव्य आयोजन हुआ। ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज के समक्ष भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
बैंड-बाजों और मंगल गीतों के बीच ठाकुर जी की भव्य बरात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रमन रेती, गोकुल से पधारे पूज्य कार्ष्णि स्वामी रामकृष्णानंद जी महाराज ने विवाह समारोह में शामिल होकर वैष्णव समाज को आशीर्वाद प्रदान किया।
महिलाओं ने ठाकुर जी के नाम की मेहंदी रचाई और विवाह रस्मों में सहभागिता की। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में तुलसी विवाह को अत्यंत मंगलकारी उत्सव माना जाता है। इस अवसर पर सुनीत गोस्वामी, दिनेश पचौरी, महेश चन्द्र अग्रवाल, गोरी शंकर अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, मुकुंद सिंघल, मुकेश सिंघल, मनीष जैन, आलोक, प्रियांशु, अनन्य और हर्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गंगा दशहरा और एकादशी पर सेवा का संदेश, राहगीरों को वितरित किया शरबती दूध और छाछ

अग्रसेन चौक फव्वारा पर भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा आयोजित शीतल सेवा शिविर में राहगीरों को शरबती दूध, शिकंजी और छाछ वितरित करते पदाधिकारी।
भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा अग्रसेन चौक फव्वारा पर गंगा दशहरा और एकादशी के अवसर पर शीतल पेयजल एवं सेवा शिविर लगाया गया। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को शरबती दूध, शिकंजी, छाछ और शीतल जल वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक उमेश अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल और नितेश अग्रवाल ने किया। शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने कहा कि गंगा दशहरा केवल आस्था नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण और सेवा का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला संयोजक रेखा अग्रवाल, विकास गोयल, ज्योति मोहन, अजय शिवहरे, गौरव बिंदल, नवल शर्मा, विमल नयन फतेहपुरिया, राज अग्रवाल और अशोक अग्रवाल उपस्थित रहे।