नरेंद्र से नरेंद्र की ओर अभियान: प्रचार रथ से होगा केंद्र की योजनाओं प्रचार, 3 माह में 20 हजार लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य
आगरा। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से आगरा लोकसभा क्षेत्र में एक बड़े अभियान की शुरुआत कर दी गई है। ‘नरेन्द्र से नरेन्द्र की ओर’ अभियान के तहत विशेष योजना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो आने वाले दिनों में गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देगा और मौके पर ही लाभ दिलाने का प्रयास करेगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन होटल होली-डे-इन में किया गया, जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता इं. किशन (सीटू चौहान) ने भाजपा का ध्वज फहराकर रथ यात्रा का शुभारंभ किया।
जानकारी ही सबसे बड़ी ताकत
सीटू चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग गरीब, मजदूर, किसान और जरूरतमंदों को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इनका लाभ नहीं ले पाते। इसी कमी को दूर करने के लिए इस प्रचार रथ को शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस रथ के माध्यम से आयुष्मान कार्ड योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं (वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन) सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
हाईटेक रथ देगा मौके पर सुविधा
यह प्रचार रथ आधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें ऑडियो-वीडियो के जरिए योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विशेषज्ञों की टीम भी रथ के साथ रहेगी, जो लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें मौके पर ही आवेदन और पंजीकरण की सुविधा प्रदान करेगी। आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी वहीं की जाएगी, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
3 माह में 20 हजार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य आगामी तीन महीनों में कम से कम 20 हजार पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यह रथ यात्रा पूरे आगरा लोकसभा क्षेत्र में भ्रमण कर अधिकतम लोगों तक पहुंचेगी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त सीओ धर्मेन्द्र चौहान, श्याम सुन्दर परमार, अभिषेक सिंह, बसंत यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।