गेल गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत की उम्मीद: चैम्बर की पैरवी रंग लाई, डीसीक्यू कटौती नियम बदलने का आश्वासन, ओवरड्रॉल बिल विवाद भी होगा खत्म

आगरा। गैस उपभोक्ता औद्योगिक इकाइयों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को नोएडा स्थित गेल गैस लिमिटेड के मुख्यालय पहुंचा। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गेल गैस लिमिटेड के सीईओ आशु सिंघल, सीजीएम (सीजीडी मार्केटिंग) जफर खान तथा चीफ फाइनेंस ऑफिसर अमित झलानी के समक्ष गैस बिलिंग, एलसी, ओवरड्रॉल और डीसीक्यू कटौती से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। बैठक में गेल गैस प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए 29 जून 2026 को होने वाली बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखने का आश्वासन दिया।

Jun 22, 2026 - 18:34
 0
गेल गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत की उम्मीद: चैम्बर की पैरवी रंग लाई, डीसीक्यू कटौती नियम बदलने का आश्वासन, ओवरड्रॉल बिल विवाद भी होगा खत्म
नोएडा में गेल गैस लिमिटेड के मुख्यालय में सीईओ आशु सिंघल व अन्य अधिकारियों से मुलाकात करते नेशनल चैंबर के प्रतिनिधि।

छह माह की औसत खपत पर बिलिंग से उद्योगों को हो रही थी परेशानी

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि सितंबर 2025 से मार्च 2026 तक गैस उपभोक्ता इकाइयों द्वारा की गई गैस खपत के आधार पर गेल गैस द्वारा छह माह की औसत खपत को आधार बनाकर कटौती की जा रही थी। इसके कारण गैस उपभोक्ता औद्योगिक इकाइयों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था और ओवरड्रॉल के बिल भी जारी किए जा रहे थे। इस गंभीर समस्या को प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुखता से उठाया।

29 जून की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा बड़ा प्रस्ताव

बैठक में सीईओ आशु सिंघल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 29 जून 2026 को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में डीसीक्यू (कॉन्ट्रेक्टेड मात्रा) के संबंध में संशोधित प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार गैस की कटौती पिछले छह माह की औसत खपत के आधार पर नहीं, बल्कि कॉन्ट्रेक्टेड मात्रा के 75 से 80 प्रतिशत के आधार पर की जाएगी। यानी केवल 20 से 25 प्रतिशत तक की कटौती कॉन्ट्रेक्टेड मात्रा पर लागू होगी। इससे गैस उपभोक्ता इकाइयों पर ओवरड्रॉल बिल का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रस्ताव बोर्ड से पारित कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

ओवरड्रॉल और बिलिंग विवाद जल्द होंगे समाप्त

गेल गैस के सीजीएम (सीजीडी मार्केटिंग) जफर खान ने भी प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि ओवरड्रॉल के प्रोविजनल बिल से संबंधित समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। वहीं चीफ फाइनेंस ऑफिसर अमित झलानी के साथ एलसी, बिलिंग और वित्तीय प्रक्रियाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

आगरा में होगी विशेष बैठक, सभी समस्याओं पर होगा समाधान

गेल गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन विवेक जैन ने बताया कि एलसी और बिलिंग जैसी समस्याओं पर अधिकारियों के साथ सार्थक चर्चा हुई। चीफ फाइनेंस ऑफिसर अमित झलानी ने आश्वासन दिया कि आगामी माह में आगरा में गैस उपभोक्ता औद्योगिक इकाइयों के साथ सीईओ एवं वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एलसी, बिलिंग, ओवरड्रॉल सहित सभी लंबित समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

गेल गैस लिमिटेड के नोएडा स्थित कार्यालय में हुई बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, गेल गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन विवेक जैन, सदस्य अंशुल अग्रवाल एवं पारसा जी ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग रखी, जिस पर गेल गैस प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया।

SP_Singh AURGURU Editor