आगरा में प्रोबेशन कार्यालय में चहेती फर्मों को फायदा पहुंचाने का खेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी घिरे
आगरा के जिला प्रोबेशन कार्यालय में निर्माण व खरीद में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। जेम पोर्टल को दरकिनार कर चहेती फर्मों से खरीद, फर्जी बिलों के जरिए भुगतान और योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत के बाद डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जांच के आदेश दिए हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने आरोपों को निराधार बताया है।
जेम पोर्टल दरकिनार कर लाखों की खरीद, डीएम ने बैठाई जांच
आगरा। आगरा के जिला प्रोबेशन कार्यालय में निर्माण कार्य और सामग्री खरीद को लेकर बड़े अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी खरीद के लिए अनिवार्य जेम (GeM) पोर्टल की प्रक्रिया को दरकिनार कर चहेती फर्मों को लाभ पहुंचाया गया और लाखों रुपये के भुगतान किए गए।
क्या हैं मुख्य आरोप?
जिला प्रोबेशन कार्यालय पर आरोप है कि जेम पोर्टल की बजाय निजी स्तर पर चयनित फर्मों से माल खरीद की गई है। एक से छह लाख रुपये तक के कथित फर्जी बिल बनाकर भुगतान किया गया। निर्माण और खरीद से जुड़ी शिकायतों को दबाने का प्रयास किया गया। बाजार मूल्य से अधिक दरों पर फर्नीचर व अन्य सामग्री की खरीद की गई है। पूर्व आउटसोर्स कर्मचारी एवं उनके परिजनों की फर्मों को काम देने का आरोप है। एक ही पते से जुड़े अलग-अलग जीएसटी नंबर वाली फर्मों को लाभ पहुंचाया गया है।
बताया जा रहा है कि जुलाई 2025 में तैनात हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी के कार्यकाल में ये खरीद और निर्माण कार्य हुए है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना और मिशन शक्ति के अंतर्गत आने वाले मदों में भी अनियमितताएं की गईं।
डीएम ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले अधिकारी?
जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विभाग द्वारा की गई प्रत्येक खरीद शासन की निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के अनुरूप की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत है तो जांच में सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी। वहीं डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।