चलते ऑटो में मोबाइल स्नैचिंग करने वाला गैंग गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से सिकंदरा पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी

सिकंदरा थाना क्षेत्र में ऑटो में मोबाइल छीने जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर तीन आरोपियों अक्षय, चिंद्र और छोटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को पकड़ते हुए छीना गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया।

May 12, 2026 - 13:30
 0
चलते ऑटो में मोबाइल स्नैचिंग करने वाला गैंग गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से सिकंदरा पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर।

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में ऑटो के अंदर मोबाइल छीने जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 09 मई को एक व्यक्ति ऑटो में सफर कर रहा था। इसी दौरान ऑटो में मौजूद आरोपियों ने मौका पाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उसे धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिकंदरा पुलिस और इंडस्ट्रियल एरिया चौकी पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अक्षय, चिंद्र और छोटू नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छीने जाने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।