आगरा में टक्कर मारकर युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने वाले गिरोह का खुलासा, छिनैती कांड में चार बदमाश गिरफ्तार, एक अब भी फरार
आगरा। थाना सैंया क्षेत्र में युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल छीनने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 42 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सैंया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों राहुल, कोमल, विकास और सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य शिवम अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
टक्कर मारकर गिराया, फिर लूटकर हुए फरार
पुलिस के अनुसार वारदात के दिन बदमाश पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज से घर लौट रहे एक युवक को निशाना बनाया। पहले बदमाशों ने युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और इसके बाद उससे मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल और जरूरी कागजात छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पीड़ित ने तुरंत थाना सैंया में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पकड़ में आए आरोपी
घटना के खुलासे के लिए सैंया पुलिस और एसओजी टीम को लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुछ आगरा के रहने वाले हैं, जबकि कुछ राजस्थान के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
तमंचा, कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद
पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, छह मोबाइल फोन और 2220 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का एक सदस्य शिवम अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीसीपी पश्चिम ने दी जानकारी
डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया कि सैंया पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में छिनैती की घटना का सफल खुलासा किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।