गंगा दशहरा पर श्रीप्रेमनिधि मंदिर में यमुना जी की गोद में विराजे ठाकुरजी, भजन-कीर्तन

आगरा। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार भगवान श्री ठाकुरजी का भव्य नौका विहार उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जलकुंड में सुसज्जित नौका पर विराजमान ठाकुरजी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजन-कीर्तन और मंगलगान से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

Jun 24, 2026 - 21:32
 0
गंगा दशहरा पर श्रीप्रेमनिधि मंदिर में यमुना जी की गोद में विराजे ठाकुरजी, भजन-कीर्तन
गंगा दशहरा के अवसर पर नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में आयोजित नौका विहार उत्सव के दौरान सुसज्जित नौका में विराजमान ठाकुरजी।

मंदिर के मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी एवं सुनीत गोस्वामी ने वैदिक विधि-विधान के साथ ठाकुरजी को सुसज्जित नौका में विराजमान कर जलकुंड में विहार कराया। श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर भगवान का पूजन किया तथा नौका विहार मनोरथ के दिव्य दर्शन किए।

मुख्य सेवायतों ने बताया कि पुष्टिमार्ग में नौका विहार उत्सव का उद्देश्य ग्रीष्म ऋतु में ठाकुरजी के सुकोमल स्वरूप को शीतलता प्रदान करना तथा भक्तों को यह संदेश देना है कि प्रभु की कृपा रूपी नौका ही जीव को संसार रूपी भवसागर से पार लगाती है। इसी भावना से जल से भरे कुंड में आकर्षक नौका सजाकर ठाकुरजी का विहार कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि पुष्टिमार्गीय मान्यता के अनुसार इस जल को साक्षात कालिंदी स्वरूपा श्री यमुना जी माना जाता है। नौका में विराजमान ठाकुरजी का विहार इस भाव का प्रतीक है कि भगवान स्वयं श्री यमुना जी की गोद में क्रीड़ा कर रहे हैं। यह मनोरथ भक्त और भगवान के मधुर संबंध, सेवा, प्रेम और पूर्ण समर्पण का दिव्य प्रतीक माना जाता है। साथ ही इसका संदेश है कि प्रभु की कृपा रूपी नौका के सहारे ही जीव परम आनंद की प्राप्ति कर सकता है।

उत्सव में सत्यव्रत खंडेलवाल, राजकुमार खंडेलवाल, आशीष पचौरी, रानू पचौरी, अमित शर्मा, सरदार सिंह धाकड़, मोहित अग्रवाल, वंशिका गोस्वामी एवं भक्ति गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor