गंगा दशहरा पर आस्था का सैलाब, यमुना और चंबल घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से मेले जैसे दृश्य, स्नान के बाद दान और मंदिरों में पूजा-अर्चना

आगरा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार सुबह से ही आगरा जनपद के यमुना और चंबल नदी घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने गंगा दशहरा पर पवित्र नदियों में स्नान कर दान-पुण्य किया और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सबसे अधिक भीड़ बटेश्वर धाम के यमुना घाटों पर देखने को मिली, जहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु यमुना में डुबकी लगाने के बाद ब्रह्मलाल मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते नजर आए। हालांकि भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच स्नान के दौरान एक युवक यमुना नदी में डूब गया, जिसका देर अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

May 25, 2026 - 13:19
May 25, 2026 - 13:24
 0
गंगा दशहरा पर आस्था का सैलाब, यमुना और चंबल घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से मेले जैसे दृश्य, स्नान के बाद दान और मंदिरों में पूजा-अर्चना
बटेश्वर धाम स्थित यमुना के घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर यमुना में आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु।

बटेश्वर घाटों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाटों पर पुलिसकर्मियों और गोताखोरों की तैनाती की गई थी तथा श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी जा रही थी। इसके बावजूद स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में समा गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों द्वारा युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी थी।

बटेश्वर के अलावा पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र में चंबल नदी के घाटों पर भी भारी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। चंबल नदी किनारे भी पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा और लोगों को गहरे पानी से दूर रहने की हिदायत दी जाती रही।

आगरा शहर के विभिन्न यमुना घाटों पर भी गंगा दशहरा का उल्लास दिखाई दिया। हाथीघाट, यमुना आरती स्थल, पोइया घाट, बल्केश्वर घाट, दशहरा घाट, रेणुका धाम, रुनकता और गैलाना स्थित वनखंडी महादेव मंदिर के पास बने घाटों पर श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। फतेहाबाद और सदर तहसील क्षेत्रों में जहां-जहां से यमुना नदी गुजरती है, वहां स्थानीय लोग अपने नजदीकी घाटों पर पहुंचकर स्नान-दान करते दिखाई दिए।

गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों पर धार्मिक उत्साह के साथ दान-पुण्य का सिलसिला भी चलता रहा। लोगों ने स्नान के बाद गरीबों और जरूरतमंदों को दान दिया। इस दौरान तरबूज और खरबूजों की बिक्री भी खूब हुई और घाटों के आसपास मेले जैसा माहौल दिखाई दिया।

SP_Singh AURGURU Editor